गुजरात के पावागढ़ में पहाड़ी से गिरीं चट्टानें, दो श्रद्धालुओं की मौत

अचानक चट्टानें और मलबा गिरने से कई श्रद्धालु चपेट में आने के बाद बचाव कार्य करते सरकारी कर्मी

पंचमहल, 19 जून (हि.स.)। गुजरात के प्रसिद्ध तीर्थस्थल पावागढ़ में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी स्थित पाटियापुल के समीप अचानक चट्टानें और मलबा गिरने से कई श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में अब तक दो श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है जबकि मलबे में फंसे पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

बताया जा रहा है कि मानसून की शुरुआती बारिश के बीच पावागढ़ पहाड़ी पर पानी का तेज बहाव था। इसी दौरान पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर और मलबा खिसककर नीचे आ गया। उस समय पाटियापुल के पास से गुजर रहे श्रद्धालु अचानक आए मलबे की चपेट में आ गए। इसके कारण मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय सरपंच पति रवि गढ़वी ने बताया कि हादसे की सूचना पर पावागढ़ रोप-वे की इमरजेंसी रेस्क्यू टीम और हालोल फायर विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बताया कि मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया गया। फायर विभाग की टीम ने पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए हालोल रेफरल अस्पताल पहुंचाया जबकि दो श्रद्धालुओं की मौत हो गयी।

स्थानीय सरपंच पति रवि गढ़वी ने बताया कि सूचना पर पुलिस का दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य तेज गति से संचालित किया गया। इसके बाद मलबे में फंसे पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में मौसम में बदलाव और रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर