रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन में ईस्टर पर युद्धविराम की घोषणा की
- Admin Admin
- Apr 19, 2025

मॉस्को, 19 अप्रैल (हि.स.)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में ईस्टर के अवसर पर अस्थायी युद्धविराम की घोषणा की है। क्रेमलिन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह युद्धविराम शनिवार शाम 6 बजे (मॉस्को समय) से शुरू होकर रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगा।
राष्ट्रपति पुतिन ने शनिवार को जनरल स्टाफ प्रमुख वालेरी गेरासिमोव के साथ बैठक के दौरान कहा, मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए, रविवार से सोमवार रात 12 बजे तक हम ईस्टर युद्धविराम की घोषणा करते हैं। इस दौरान सभी सैन्य गतिविधियां रोक दी जाएं।
पुतिन ने आशा जताई कि यूक्रेनी पक्ष भी इस युद्धविराम का पालन करेगा, लेकिन साथ ही अपनी सेना को सतर्क रहने का आदेश दिया कि यदि किसी भी प्रकार का उल्लंघन या उकसावे की कार्रवाई होती है तो उसका तत्काल जवाब दिया जाए।
इस घोषणा के दिन ही रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी सेना ने यूक्रेन की सेना को रूस के कुर्स्क क्षेत्र में उनके एक शेष बचे ठिकाने से खदेड़ दिया है। मंत्रालय ने बताया कि रूसी सेना ने यूक्रेन सीमा से सटे ओलेशन्या गांव पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है। साथ ही रूसी रक्षा मंत्रालय ने उसकी वायु रक्षा प्रणाली के द्वारा दो यूक्रेनी ड्रोन मार गिराने की भी बात कही गई है।
वहीं, यूक्रेनी वायुसेना ने दावा किया है कि रूस ने शुक्रवार रात 87 विस्फोटक ड्रोन और मिसाइल छोड़े, जिनमें से 33 को मार गिराया गया और 36 को इलेक्ट्रॉनिक जामिंग के ज़रिए निष्क्रिय किया गया।
यह युद्धविराम ऐसे समय में आया है, जब युद्ध के दोनों पक्षों में लगातार तनाव और संघर्ष जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय