सत्यांशु दीप भारतीय फुटबाल टीम में चयनित, स्वीडन में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
- DSS Admin
- Jun 29, 2026
रायपुर , 29 जून (हि.स.)। समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित छत्तीसगढ़ के विशेष सार्थक स्कूल धमतरी के विशेष छात्र सत्यांशु दीप का चयन स्पेशल ओलंपिक भारत की भारतीय फुटबाल टीम में हुआ है। वे 12 से 16 जुलाई तक स्वीडन में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सत्यांशु दीप की यह उपलब्धि न केवल धमतरी जिले, बल्कि समूचे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। सत्यांशु दीप का चयन इस दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों की सार्थकता को भी प्रमाणित करता है।विद्यालय परिवार ने बताया कि सत्यांशु ने नियमित अभ्यास, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के आधार पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता अन्य विशेष बच्चों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए उत्साहित करेगी।
सत्यांशु की सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा किसी सीमा की मोहताज नहीं होती। उचित अवसर, मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन से विशेष बच्चे भी विश्व मंच पर अपनी उत्कृष्ट पहचान बना सकते हैं। यह उपलब्धि समावेशी शिक्षा, खेल संस्कृति तथा दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में धमतरी जिले की एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

