मानसून आपदा से निपटने के लिए एसडीआरएफ मुस्तैद: कमांडेंट राजेंद्र सिंह सिसोदिया ने लिया रेस्क्यू टीम का जायजा

जयपुर, 27 जून (हि.स.)। मानसून सत्र-2026 के दौरान संभावित बाढ़, जलभराव और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राज्य आपदा प्रतिसाद बल (एसडीआरएफ) ने राज्यभर में अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। एसडीआरएफ की 70 अत्याधुनिक रेस्क्यू टीमों को 35 संवेदनशील जिलों में तैनात किया गया है। सभी टीमों को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

तैयारियों का जायजा लेने के लिए एसडीआरएफ के कमांडेंट राजेंद्र सिंह सिसोदिया ने दौसा में तैनात रेस्क्यू टीम का निरीक्षण किया और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधिकारियों व जवानों के साथ बैठक कर बाढ़ बचाव, जलभराव वाले क्षेत्रों में रेस्क्यू रणनीति तथा सूचना तंत्र को मजबूत बनाने पर चर्चा की। उन्होंने जवानों से आपदा की हर स्थिति में संवेदनशीलता, तत्परता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि 'आपदा सेवार्थ कटिबद्धता' एसडीआरएफ का मूल मंत्र है।

कमांडेंट के निर्देश पर एसडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट और सहायक कमांडेंट भी विभिन्न जिलों में तैनात टीमों का आकस्मिक निरीक्षण कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान रेस्क्यू टीमों की कार्यकुशलता के साथ आवास, भोजन, ईंधन, संचार व्यवस्था और अन्य संसाधनों की उपलब्धता का भी मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

दौसा में आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकरलाल भी मौजूद रहे। एसडीआरएफ ने भरोसा दिलाया है कि मानसून के दौरान किसी भी आपदा से निपटने के लिए उसकी टीमें पूरी तरह प्रशिक्षित, सतर्क और चौबीसों घंटे मुस्तैद हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर