भागलपुर, 17 जून (हि.स.)।
जिले में नवगछिया थाना क्षेत्र के चंद नगर गांव में ससुराल आए एक युवक को कथित तौर पर तीन दिनों तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का मामला प्रकाश में आया है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और युवक को मुक्त कराकर इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया है।
घायल युवक की पहचान सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मुबारकपुर निवासी 26 वर्षीय केसर आलम, पिता मकसूद आलम उर्फ चमरू, के रूप में हुई है। युवक के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट और जख्म के निशान पाए गए हैं।
बताया जा रहा है कि केसर आलम पटना में मजदूरी करता है। कुछ समय पहले उसका छोटा साला भी उसके साथ पटना में रह रहा था। इसी दौरान साले पर केसर के कुछ दोस्तों की जेब से पैसे निकालने का आरोप लगा था।

