डिंपल यादव ने बड़ा मंगल पर सैफई में की पूजा, भंडारे में लोगों को प्रसाद किया वितरण
- DSS Admin
- Jun 23, 2026



सपा सांसद डिंपल यादव ने अलीगंज की घटना पर जताया दुख, भाजपा सरकार पर लगाए भेदभाव के आरोप
इटावा, 23 जून(हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव मंगलवार को सैफई पहुंची और बड़ा मंगल के अवसर उन्होंने हनुमान मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की। इस दौरान आयोजित भंडारे में उन्होंने लोगों को प्रसाद वितरण किया।
उन्होंने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आज बड़ा मंगल का दिन है और यह हमें हमारा धर्म सेवा का भाव सिखाता है। इसीलिए आज हम यहां पर आए हैं।
उन्होंने लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर हादसे पर दुख जताया और कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच सरकार को करवानी चाहिए। सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि दमकल की गाड़ियों के देरी से पहुंचने की जांच भी कराई जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करनी चाहिए। घायल बच्चों का उचित इलाज करवाने की व्यवस्था सरकार को करनी चाहिए।
उन्होंने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष एवं उप्र सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि राजभर को अपनी सरकार से राम मंदिर में हुई अनियमितता के बारे सवाल करना चाहिए। श्रद्धालुओं के श्रद्धा भाव से दिए करोड़ों रूपये की हेरफेर मामले में ओपी राजभर चुप क्यों हैं?
डिंपल यादव ने कहा कि सरकार इस मामले को दबाना चाहती थी ताकि यह लोगों की चर्चा में न आए। लेकिन हम लोगों के द्वारा मामले को उजागर करने के बाद इस मामले में उम्मीद से ज्यादा की अनियमितता की पोल खुलकर सामने आई है। उन्होंने कहा कि धर्म और आस्था के साथ भ्रष्टाचार हुआ है।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की संपत्ति में हुई बढ़ोत्तरी के सवाल पर सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के द्वारा दूसरे दलों को तोड़कर अपने में मिलाने के सवाल पर कहा कि यह इस बात को दर्शाता है कि किस तरह से बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के संविधान का मजाक उड़ाया जा रहा है। सांसदों को जनता ने चुना है, यह भाजपा की वजह से जीतकर संसद नहीं गए हैं।
---------------

