कोलकाता रेप केस पर  सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा पर लगाया राजनीति करने का आरोप

अखिलेश यादव

आजमगढ़, 17 अगस्त (हि.स.)। जिले के लालगंज कस्बे में एक निजी कार्यक्रम में शनिवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव पहुंचे । इस दौरान पार्टी के प्रवक्ता अभिषेक राय के अस्पताल का उद्घाटन किया। इस दौरान कोलकाता में डॉक्टर के साथ कथित रेप व हत्या पर जहाँ ममता बनर्जी सरकार का बचाव किया तो वहीं भाजपा पर जमकर हमला बोलते हुए राजनीति करने का आरोप लगाया। वहीं 69 हज़ार शिक्षक भर्ती में कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि अब छात्रों को न्याय मिला है।

लालगंज कस्बे में अस्पताल का उद्घाटन करने के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कोलकाता में डॉक्टर के साथ कथित रेप व हत्या के मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बचाव करते हुए कहा कि वह खुद महिला हैं। महिला का दुख दर्द समझती हैं। सीबीआई या जो भी संस्था से जांच करवाने का मामला था, उन्होंने करवाया है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी इस मामले में राजनीति कर रही है। जो उसको नहीं करना चाहिए। इस घटना को लेकर डॉक्टर आंदोलन कर रहे हैं लेकिन भाजपा राजनीति कर रही है। वहीं उन्होंने मामले को यूपी में हुई घटनाओं से जोड़ते हुए कहा कि सोनभद्र में बेटी की साथ जो हुआ, लखनऊ में दलित महिला ने सीएम कार्यालय में आत्मदाह कर लिया। इस पर बीजेपी के लोग नहीं बोल रहे हैं। पत्रकार अगर आवाज उठाता है तो उस पर मुकदमा दर्ज कर दिया जाता है। जेल भेज दिया जाता है। वहीं दूसरी तरफ 69000 शिक्षकों की भर्ती के मामले में कोर्ट के फैसले को लेकर उन्होंने कहा कि अब सरकार पीड़ित बच्चों की सुध लेगी। बच्चों को न्याय मिलेगा। सरकार ने जो भेदभाव किया था, उसमें सुधार किया जाएगा। इससे पूर्व इतना बड़ा आंदोलन उन्होंने कभी नहीं देखा था। चाहे त्यौहार हो या आम दिन पीड़ित बच्चे लगातार आंदोलन करते रहे। अलग-अलग प्रतिनिधिमंडल बनाकर लोगों से मिले। यहां तक कि खुद उनसे मिले। अब जाकर उनको न्याय मिला है।

वहीं तमाम समस्याओं को लेकर उन्होंने कहा कि इंडिया की सरकार बनेगी तो सभी समस्या का हल होगा। आजमगढ़ के मामले में उन्होंने दावा किया कि लखनऊ से ज्यादा विकास यहां किया जाएगा। सड़क, बिजली, पानी, मेडिकल की सुविधा बढ़ाई जाएगी। जो मेडिकल कॉलेज यहां बना है वहां पर सुविधा बढ़ाई जाएगी। वर्तमान में सरकार इस पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। प्रदेश में कई अस्पताल तो अब खंडहर हो रहे हैं क्योंकि वहां पर डॉक्टर ही नहीं पहुंच पा रहे।

14 अगस्त को आजमगढ़ के नेहरू हाल में सपा विधायक नफीस अहमद और एक सपा कार्यकर्ता के बीच हुए विवाद पर पूछे गए सवाल के जवाब में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पहले मजाकिया अंदाज में कहा कि यह सवाल स्वास्थ्य से जुड़ा नहीं है। इसके बाद भी अगर आपने यह सवाल पूछा है तो तो अच्छा किया है। यह हमारे पीडीए परिवार का मसला है। घर पर बैठकर हम लोग ठीक कर लेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव चौहान / Siyaram Pandey

   

सम्बंधित खबर