श्रीजेश को नहीं हटाया गया, अनुबंध खत्म होने के बाद हुई नई नियुक्ति प्रक्रिया : हॉकी इंडिया

नई दिल्ली, 13 मई (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने पूर्व भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश को लेकर चल रही अटकलों पर सफाई देते हुए कहा है कि उन्हें कोच पद से हटाया नहीं गया बल्कि उनका कार्यकाल दिसंबर 2025 में अनुबंध के अनुसार समाप्त हुआ था।

हॉकी इंडिया ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि अनुबंध समाप्त होने के बाद तय प्रक्रिया के तहत कोच पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए। इसके बाद योग्य उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग और चयन मेरिट के आधार पर किया गया। संगठन के मुताबिक, इस प्रक्रिया के जरिए एक अनुभवी और प्रतिष्ठित कोच का चयन किया गया है, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी।

संस्था ने स्पष्ट किया कि श्रीजेश को “फायर” किए जाने की खबरें गलत हैं। हॉकी इंडिया के अनुसार, उन्हें डेवलपमेंट टीम के कोच का प्रस्ताव दिया गया था, जो 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक और अगले ओलंपिक चक्र की तैयारियों में अहम भूमिका निभाने वाली टीम मानी जा रही है। हालांकि, श्रीजेश ने इस पद को स्वीकार नहीं किया। संगठन ने यह भी कहा कि उनसे फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया गया था, लेकिन उन्होंने प्रस्ताव ठुकरा दिया।

बयान में यह भी कहा गया कि कभी भी श्रीजेश को यह संकेत नहीं दिया गया कि मुख्य कोच विदेशी होना चाहिए। हॉकी इंडिया ने जोर देकर कहा कि भारतीय कोचिंग प्रतिभाओं को विकसित करना उसकी दीर्घकालिक रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

संस्था के अनुसार, जमीनी स्तर पर भारतीय कोचों को तैयार करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “कोचिंग पाथवे प्रोग्राम” के तहत अब तक 600 से अधिक भारतीय कोच प्रमाणित किए जा चुके हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविरों में भारतीय कोचों को मुख्य कोचों के साथ काम करने का अवसर भी दिया जा रहा है, ताकि उनके अनुभव और कौशल में वृद्धि हो सके।

हॉकी इंडिया ने कहा कि वह भारतीय हॉकी के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और श्रीजेश को खेल का महान खिलाड़ी मानते हुए उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता है।

---------------

   

सम्बंधित खबर