छात्र पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी मेहनत और अनुशासन बनाकर जिले और प्रदेश का नाम करें रोशन : जिलाधिकारी

देवरिया, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों अयान बिन लियाकत और सारिंसा द्विवेदी को कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार को सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छात्र पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी मेहनत और अनुशासन बनाए तथा जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि खेल युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि स्पोर्ट्स स्टेडियम देवरिया में प्रशिक्षक गिरीश सिंह के निर्देशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे यूपी पब्लिक स्कूल खुखुंदू के कक्षा सात के छात्र अयान बिन लियाकत ने नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में असम, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं सारिंसा द्विवेदी ने मिजोरम और पंजाब के खिलाड़ियों को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला क्रीड़ा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष संजय कनोडिया, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष संजय केडिया और महासचिव अजय जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों ने खुशी जताते हुए दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।

इस अवसर पर प्रशिक्षक कुंदन मणि, शालिनी शर्मा, पूजा सिंह, अशोक कुमार सिंह, अभिषेक कुमार, माधव वर्मा, प्रियंका कुमारी, अंकित चौहान, आशीष सिंह, अभिमन्यु सिंह और रिंकू समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

------------------

   

सम्बंधित खबर