सहरसा छिनतई कांड के तार कटिहार से जुड़े, पुलिस ने बरामद किए 5 लाख रुपये
- DSS Admin
- Jun 29, 2026
कटिहार, 29 जून (हि.स.)। बिहार एसटीएफ और कटिहार जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने सहरसा के पतरघट थाना क्षेत्र में हुई 5 लाख रुपये की छिनतई के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र स्थित जुराबगंज में वांछित अभियुक्त के घर छापेमारी कर लूटी गई 5 लाख रुपये की पूरी राशि बरामद कर ली है। हालांकि, मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि सहरसा कांड (कांड संख्या- 123/26) का वांछित अभियुक्त राम कुमार यादव (निवासी- जुराबगंज, थाना-कोढ़ा, कटिहार) अपने घर पर छिपा है। इसी आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके घर को घेरकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर से छिनतई की गई 5 लाख रुपये की नगद राशि बरामद की गई। पुलिस फिलहाल घर से फरार अभियुक्त राम कुमार यादव की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
गौरतलब है कि बीते 25 जून को सहरसा जिले के पस्तपार थाना क्षेत्र निवासी हरेन्द्र यादव मधेपुरा स्थित ऐक्सिस बैंक से 5 लाख रुपये निकालकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पतरघट (सहरसा) थाना क्षेत्र के ग्राम कपसिया के पास ग्लैमर बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उनका रुपयों से भरा बैग और अन्य जरूरी कागजात छीन लिए थे। इस घटना को लेकर पीड़ित की शिकायत पर पतरघट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके महज़ तीन दिन बाद ही पुलिस ने यह बड़ी रिकवरी की है।

