उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सहसपुर लोहारा और कवर्धा में कमल खिलाने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
- Admin Admin
- Feb 01, 2025
सहसपुर लोहारा और कवर्धा के कार्यकर्ता सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा हुए शामिल
कवर्धा,1 फरवरी (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज शनिवार को कबीरधाम जिले के नगर पंचायत सहसपुर लोहारा एवं नगर पालिका कवर्धा में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया।
साव ने कहा कि, ट्रिपल इंजन की सरकार में गली-गली विकास होगा। लोगों को किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं होगी। सरकार ने 13 महीने में मोदी की सभी गारंटी पूरी की है। हमने जो कहा है, उसे पूरा किया है। किसानों को धान खरीदी की अंतर की राशि जल्द जारी होगी। सम्मेलन को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी संबोधित किया।
उप मुख्यमंत्री साव ने सहसपुर लोहारा में कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि, सभी को घर-घर पहुंचकर सरकार के विकास कार्यों के बारे में बताना है एवं भाजपा के अध्यक्ष प्रत्याशी संतोष मिश्रा व 15 वार्डों के प्रत्याशियों को जिताने का आग्रह करना है। कवर्धा के गांधी मैदान में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से कवर्धा नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी एवं 27 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों को जिताने संकल्पित किया।
साव ने कहा कि, पार्टी ने ऐसे व्यक्ति को प्रत्याशी बनाया, जिसने संगठन में समय लगाया है। यह चुनाव कवर्धा के 27 वार्डों के सर्वांगीण विकास के लिए है। कवर्धा आतंक, तानाशाही, दादागिरी समाप्त होकर तेज गति से आगे बढ़ा है। सरकार ने 75 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी है। कवर्धा की जनता भगवा के अपमान को नहीं भूली है। एक बार फिर 11 फरवरी को कमल में बटन दबाकर पराजित करना है, और पांच साल जिसने लूटा है, उसे सबक सिखाना है। कमल खिलाना कोई कठिन काम नहीं हैं। हमने मोदी जी एक एक गारंटी को पूरा किया है। कृषक उन्नति योजना की राशि एक हफ्ते में जारी होगी। गरीबों को आवासीय पट्टा और प्रधानमंत्री आवास बनकर देंगे। कोई गरीब बिना आवास के नहीं रहेगा। कवर्धा का विकास कराने कमल पर बटन दबाना है। यहां विकास के लिए पैसों की कोई कमी नहीं होगी।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने लोहारा के साहू पारा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के साथ चौपाल में नगरवासियों के साथ बैठक कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की। बैठक में किसानों ने सरकार की योजनाओं से लाभान्वित होने की जानकारी दी और कहा कि, सुशासन सरकार के कार्यों से प्रदेश में खुशहाली आई है। इस दौरान नगर चुनाव में विधानसभा, लोकसभा चुनाव की तरह भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की, ताकि विकास की गति में कोई ब्रेक ना लगे।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए रिचार्ज किया। उन्होंने सहसपुर लोहारा एवं कवर्धा में कहा कि, घर घर शराब पहुंचने का काम कांग्रेस के नेताओं ने किया है, उन्हें पद देकर उपकृत किया। शर्मा ने कहा कि, पूर्व विधायक मोहम्मद अकबर ने कवर्धा के विकास के लिए कुछ काम नहीं किया है, इसलिए ऐसे पार्टी को नहीं जिताना है। जबकि हमने पाइपलाइन विस्तार के कार्य, सड़क, सीसी रोड, गौरव पथ सहित कई काम किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रचंड मतों से चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, अध्यक्ष प्रत्याशी संतोष मिश्रा एवं सभी पार्षद प्रत्याशियों को जिताना है।
कार्यकर्ता सम्मेलन में जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी , चुनाव प्रभारी गोपाल साहू, अशोक साहू , लाला साहू, डॉ. सिया राम साहू , क्रांति गुप्ता, रामकुमार भट्ट, योगेश, मोतीराम चंद्रवंशी सहित पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर