जींद: कंडेला खाप के पूर्व प्रधान टेकराम कंडेला कांग्रेस छोड़ भाजपा में हुए शामिल

जींद , 7 अगस्त (हि.स.)। कंडेला खाप के पूर्व प्रधान टेकराम कंडेला बुधवार को कांग्रेस छोड़ अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें पटका पहना कर पार्टी में शामिल करवाया। इस अवसर पर जींद के विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा, भाजपा की प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, भाजपा जिलाध्यक्ष तेजेंद्र ढुल, हरियाणा कांफेड के चेयरमैन कर्मवीर सैनी, भाजपा नेता अमरपाल राणा, जवाहर सैनी सहित पार्टी के अनेक अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि टेकराम कंडेला तथा उनके सभी समर्थकों को पार्टी में पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। किसानों की सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। पहले 14 फसलें एमएसपी पर खरीदी जाती थी। उन्होंने कहा कि डीएपी खाद का जो थैला पाकिस्तान व अन्य पड़ोसी देशों में 2400 रुपये में मिलता है, वह बैग हमारे देश में मात्र 1200 रुपये में मिल रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में इस तरह के कई निर्णय लिये गए हैं। पिछले 10 वर्षों में भाजपा सरकार ने देश व प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाने का काम किया है। मात्र दो से तीन घंटे में प्रदेश की किसी भी कोने में पहुंचा जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने लोगों का आह्वान किया कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देश की खुशहाली के लिए आने वाले चुनाव में भाजपा को मजबूत कर हरियाणा प्रदेश में भी तीसरी बार फिर कमल का फूल खिलाने का काम करें। उन्होंने कहा कि कंडेला खाप ने जो पगड़ी पहना कर उन्हें जो मान-सम्मान दिया है, उसे कभी नहीं झुकने दिया जाएगा। उन्होंने टेकराम कंडेला द्वारा रखे गए मांग पत्र को स्वीकार करते हुए कहा कि इन मांगों को पूरा करवाने के लिए तुरंत संबंधित विभागों को भेजकर निर्देश जारी कर दिये जाएंगे। इस अवसर पर उन्होंने कंडेला खाप चबूतरे के निर्माण कार्य के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा, पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह को शिक्षक प्रकोष्ठ हरियाणा ने भी सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा / SANJEEV SHARMA

   

सम्बंधित खबर