सलूंबर विधायक अमृतलाल मीणा का उदयपुर में निधन, तीसरी बार भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते थे

उदयपुर, 8 अगस्त (हि.स.)। सलूंबर से भारतीय जनता पार्टी के ​विधायक अमृतलाल मीणा (65) का देर रात उदयपुर में निधन हो गया। मीणा को तबीयत बिगड़ने पर एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। मीणा के निधन की सूचना मिलते ही उदयपुर और सलूंबर के भाजपा नेता और कार्यकर्ता हॉस्पिटल पहुंचे हैं।

मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ होगी। वे लगातार तीन बार से सलूंबर के विधायक थे। मीणा की आदिवासी नेता के तौर पर भी पहचान थी। मीणा के निधन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने संवेदना व्यक्त की है।

सलंबूर जिले के लालपुरिया गांव में साल 1959 में जन्मे अमृतलाल मीणा करीब 20 साल राजनीति में सक्रिय रहे। ​​​​​​मीणा ने साल 2004 में पंचायत समिति सराड़ा के सदस्य के तौर पर राजनीति की शुरुआत की थी। उसके बाद साल 2007-10 तक जिला परिषद उदयपुर के सदस्य और 2010 में पंचायत समिति सराड़ा में ​प्रतिपक्ष नेता बने। वे पहली बार साल 2013 में विधायक चुने गए। उन्होंने कांग्रेस की बसंती देवी मीणा को हराया था। उसके बाद 2018 और 2023 में कांग्रेस दिग्गज नेता रघुवीर सिंह मीणा को हराकर विधानसभा पहुंचे। अमृतलाल राजस्थान विधानसभा में प्राक्कलन समिति, प्रश्न एवं संदर्भ समिति, विशेषाधिकार समिति और अनुसूचित जनजाति कल्याण समिति के सदस्य रहे।

अमृतलाल मीणा के निधन के बाद भाजपा विधायकों की संख्या 114 रह गई है। विधानसभा में अब कुल 6 सीटें खाली हो गई हैं जिन पर उपचुनाव होंगे। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में 5 विधायक सांसद का चुनाव जीते थे। जिनमें तीन कांग्रेस, एक आरएलपी और एक बीएपी से हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संवदेना प्रकट करते हुए कहा कि यह भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने परमपिता परमेश्वर से उनकी पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान एवं परिवारजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सलूंबर से विधायक अमृतलाल मीणा के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। देवनानी ने कहा है कि स्वर्गीय मीणा जमीनी स्तर के नेता थे। आदिवासी क्षेत्र में उनकी जुझारू नेता के रूप में पहचान थी। देवनानी ने कहा कि स्वर्गीय मीणा इस बार तीसरी बार विधायक चुनकर विधानसभा पहुंचे थे। इससे पहले वे 14वीं और 15वीं राजस्थान विधानसभा के भी सदस्य रहे। अपने क्षेत्र के लोगों में उनकी अच्छी छवि थी। वह सामाजिक कार्यों में आगे बढ़कर भागीदारी निभाते थे। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने स्वर्गीय मीणा के सुपुत्र अविनाश मीणा से दूरभाष पर बात कर संवेदना व्यक्त की और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित / ईश्वर

   

सम्बंधित खबर