आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना पर भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निराशा, पूछा-राहुल गांधी और प्रियंका गांधी क्यों नहीं पहुंचे कोलकाता?

नई दिल्ली, 17 अगस्त (हि.स.)। काेलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में महिला रेजिडेंट डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की निर्मम घटना पर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि वे डॉक्टर समुदाय और दोस्तों के साथ एकजुटता से साथ खड़े हैं। डॉ. पात्रा ने इस घटना पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पूछा कि कोलकाता में कांग्रेस के कितने नेता पहुंचे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कब कोलकाता जाएंगे।

शनिवार को भाजपा मुख्यालय में हुई प्रेसवार्ता में सांसद डा. संबित पात्रा ने कहा कि बंगाल में हुई बर्बरता पर खुद मुख्यमंत्री पर्दा डाल रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि इतनी जल्दी 40-50 डॉक्टरों का तबादला क्यों किया गया? मुख्यमंत्री क्या छिपाना चाह रही हैं? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और गृह मंत्री होते हुए ममता बनर्जी हाथों में तख्तियां लिए हुए और सड़कों पर विरोध प्रदर्शन करने उतरी हैं। पीड़िता के परिवार वालों को न्याय दिलवाने के बजाय प्रदर्शन कर रही हैं। यह समझ से परे है कि वे किसके खिलाफ प्रदर्शन कर रही हैं। वह किससे न्याय और सुरक्षा की मांग कर रही हैं? संदीप घोष (आरजी कर के पूर्व प्रिंसिपल) ने किसके लिए काम किया?

उन्होंने कहा कि पीड़िता के माता-पिता को बताया गया कि उसने आत्महत्या कर ली है। पुलिस सोशल मीडिया पर मामले के बारे में पोस्ट करने वाले लोगों को धमकी दे रही है। यह सब बंगाल में चल क्या रहा है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए वहां की सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया है। उलटा तृणमूल कांग्रेस अपराधियों का साथ देती है।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए डा. पात्रा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बेंगलुरु पहुंचे हैं। वह भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए बेंगलुरु गए हैं, क्या वह कोलकाता जाएंगे? प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा था, 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं। क्या राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा कोलकाता जाएंगे?

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी / रामानुज

   

सम्बंधित खबर