सांगानेर को मिली 631 करोड़ रुपये के 1538 विकास कार्यों की सौगात
- DSS Admin
- Jun 24, 2026


जयपुर, 24 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशभर में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ नागरिक सेवाओं के विस्तार पर प्राथमिकता से कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और आमजन को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री बुधवार को सांगानेर स्टेडियम में आयोजित लगभग 631 करोड़ रुपये की लागत के 1538 विकास कार्यों के लोकार्पण, शिलान्यास एवं पट्टा वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से सड़क, पेयजल, सीवरेज, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और उन्नयन होगा, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 4 जुलाई को जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
उन्होंने बताया कि 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली यह महत्वाकांक्षी परियोजना प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गौशाला तक विकसित की जाएगी, जिसके कार्यादेश भी जारी किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मेट्रो फेज-2 परियोजना से राजधानी जयपुर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी, यात्रा समय में कमी आएगी और शहर के समग्र शहरी विकास को नई गति मिलेगी। यह परियोजना भविष्य की बढ़ती आबादी और यातायात की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में कई ऐसी योजनाएं लागू की गई हैं, जिन्होंने शहरों को विकास के इंजन के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के माध्यम से शहरी आधारभूत ढांचे को मजबूती मिली है, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के जरिए ‘सभी के लिए आवास’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना ने लाखों रेहड़ी और ठेला संचालकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। वहीं, अमृत योजना के माध्यम से शहरों में पेयजल, सीवरेज कनेक्शन, पार्क और अन्य शहरी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण और ठोस कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘विकास भी, विरासत भी’ के मूलमंत्र पर कार्य करते हुए जयपुर में आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ बना रही है। उन्होंने बताया कि जयपुर-भीलवाड़ा रोड स्थित मुहाना मोड़ जंक्शन पर 124 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा बंबाला क्षेत्र में 88 करोड़ रुपये से अधिक लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), पृथ्वीराज नगर में सैटेलाइट अस्पताल तथा भांकरोटा में ट्रॉमा सेंटर निर्माण की आधारशिला रखी गई।
उन्होंने कहा कि सांगानेर के 115 मंदिरों के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य का भी शुभारंभ किया गया है। इसके अलावा यूनिटी मॉल, रिद्धि-सिद्धि फ्लाईओवर, सांगानेर एलिवेटेड रोड और द्रव्यवती नदी विकास जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी प्रगति पर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के संकल्प के साथ सफाई व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहली बार जयपुर नगर निगम के लिए पांच अत्याधुनिक मैकेनिकल लिटर पिकर मशीनें लाई गई हैं। ये मशीनें फुटपाथों, संकरी गलियों और ट्रांसफॉर्मरों के नीचे जमा कचरे को भी प्रभावी ढंग से साफ करने में सक्षम होंगी।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने सीवरेज सफाई के लिए सुपर सकर मशीन और स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के प्रति जनजागरूकता के लिए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही, सफाई सेवा मैराथन के विजेताओं को चेक भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को स्वामित्व कार्ड वितरित करते हुए कहा कि स्वामित्व योजना ड्रोन तकनीक के माध्यम से गांवों की आवासीय भूमि का सीमांकन कर ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का कानूनी स्वामित्व प्रदान करने में बेहद उपयोगी साबित हो रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 8 हजार से अधिक गांवों का ड्रोन सर्वेक्षण कर लगभग 14 लाख स्वामित्व कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
समारोह में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, सांसद मंजू शर्मा, विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
---------------

