पर्यावरण प्रदर्शनी के साथ संघ शिक्षा वर्ग का शुभारंभ

चित्तौड़गढ़, 18 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चित्तौड़ प्रांत के 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग (शालेय विद्यार्थी) का रविवार को पर्यावरण प्रदर्शनी के साथ शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तुलसी एवं भारत माता पूजन किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्र कार्यवाह जसवंत खत्री, प्रांत कार्यवाह शंकरलाल माली, पुट्ठवादिया वेद विद्यालय प्रमुख हितेश शर्मा, वर्ग कार्यवाह प्रवीण तथा वर्ग पालक पवन मौजूद रहे।

संयोजक धर्मपाल गोयल ने बताया कि प्रदर्शनी में 11 प्रकार की तुलसी सहित विभिन्न औषधीय पौधे, चित्तौड़ जिले की दुर्लभ वनस्पति प्रजातियां, पर्यावरण साहित्य, 300 प्रकार के बीजों का बैंक, तितली थाल एवं पक्षी आवास जैसे मॉडल प्रदर्शित किए गए। उन्होंने बताया कि शिक्षार्थियों को मिट्टी के सकोरों में बीजारोपण करवाया गया तथा पक्षियों के लिए पेड़ों पर परिंडे भी लगाए गए। घरेलू कचरे के निस्तारण के लिए बायोएंजाइम और घरेलू खाद तैयार करने की विधि का भी प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही विद्यालय परिसर स्थित प्राचीन बावड़ी के पुनर्जीवन का मास्टर प्लान भी प्रस्तुत किया गया।

उद्घाटन समारोह में पर्यावरण गतिविधि के क्षेत्र संयोजक विनोद मेलाना, संत नारी शक्ति प्रमुख साधना मेलाना, विभाग संघ चालक हेमंत जैन, विद्या भारती प्रांत अध्यक्ष ललित शारदा तथा विभाग कार्यवाह दिनेश भट्ट सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी का संयोजन सह प्रांत संयोजक धर्मपाल गोयल ने किया, जबकि व्यवस्था में चिराग उपाध्याय, मुरली धाकड़, महिपाल सिंह, अनिल एवं धीरज सोनी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।

---------------

   

सम्बंधित खबर