
जोधपुर, 04 मार्च (हि.स.)। शहर में फाल्गुन माह में फाग उत्सव की धूम मची गई है। शहर में विभिन्न मंदिरों सहित सामाजिक स्थलों पर फाग उत्सव के तहत फाग गीत गाए जा रहे है।
माताजी भक्ति सागर ग्रुप की ओर से सरदारपुरा सातवीं सी रोड स्थित सत्संग भवन में फागोत्सव का आयोजन हुआ। सभी आगंतुकों का अबीर-गुलाल से तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
संस्था प्रमुख संरक्षक संतोष-प्रेम राठी ने बताया कि उपस्थित बतौर अतिथि फूलकौर मुंदड़ा, रेणु मकवाना, सुमित्रा लीला, कंचन लोहिया, मुन्नी भाटी की मेजबानी में फागोत्सव के दौरान अध्यक्ष मीना परिहार सहित मीना जांगिड़, प्रेमलता सोनी, पूर्णिमा हर्ष, कुसुम शारडा, शोभा जोशी, सोनिया जांगिड़, इंदिरा सोनी, शांता बुग, सीमा जाजू सिंघवी और सखियों द्वारा प्रस्तुत श्याम भक्ति से ओत-प्रोत होरियों की मनमोहक प्रस्तुति पर फाल्गुनियां पोशाक में सजी-धजी लगभग पांच सौ महिलाओं ने फाल्गुन की मस्ती में झूमते हुए पुष्प होली खेली और सभी आनंद और उन्माद में सराबोर नजर आई।
फाल्गुन की मस्ती के बीच सुर और रंग की ऐसी छंटा बिखरी की सत्संग भवन मथुरा-वृंदावन सा नजर आया। वहीं नागौरी गेट स्थित रामौहल्ला रामद्वारा में फागोत्सव मंहत हनुमानदास महाराज के सान्निध्य में मनाया गया। साथ ही एक-दूसरे को पुष्पों से होली खिलाई गई। इस दौरान पूरा पंडाल होली के रंग में रंग गया। साथ ही राधा-कृष्ण की झांकी बनाई गई। इसके अलावा महिलाओं ने भजनों पर नृत्य किया।
कुंजबिहारीजी मंदिर में होरिया गायन छह से
कटला बाजार स्थित कुंजबिहारीजी मंदिर में छह मार्च से होरियों का गायन व फूलों की होली खेली जाएगी। यह कार्यक्रम 12 मार्च तक चलेगा। इस दौरान नित्य रात 8 से 11 बजे तक कार्यक्रम चलेगा। इसमें विभिन्न भजन मंडलियां व यातनाम भजन कलाकार फाग गीतों की प्रस्तुतियां देंगे। वहीं साधक परिवार की ओर से सरदारपुरा सत्संग भवन में नौ मार्च को फागोत्सव का आयोजन किया जाएगा। साधक परिवार के रवि भैया ने बताया कि फागोत्सव दोपहर 2.30 से शाम 5.30 बजे तक होगा। वहीं माली सैनी महासभा महिला मण्डल जोधपुर की ओर से नौ मार्च को फाग उत्सव मनाया जाएगा। उपाध्यक्ष नीरू मनोहरसिंह टाक ने बताया कि फाग उत्सव में महिला सशक्तिकरण पर कार्यक्रम व महिलाओं के उनके अधिकारों के प्रति सचेत किया जाएगा। फाग उत्सव में राजस्थानी संस्कृति पर विभिन्न कार्यक्रम व प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। इसी तरह रातानाडा स्थित कृष्ण मंदिर में एक दिवसीय फाग महोत्सव छह मार्च को दोपहर 2 से शाम 6.30 बजे तक मनाया जाएगा। मंडली अध्यक्ष शारदा चौधरी ने बताया कि राधा रानी ठाकुरजी का फाल्गुनिया शृंगार और फूलमंडली की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश