स्वच्छ सर्वेक्षण : नगर निगम मंडी को मिला 9वां स्थान
- Admin Admin
- Jul 17, 2025

मंडी, 17 जुलाई (हि.स.)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के परिणाम घोषित किए गए हैं। जिसमें नगर निगम मंडी ने पूरे हिमाचल प्रदेश में नौवां स्थान प्राप्त किया है। महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि मंडी नगरवासियों, सफाई मित्रों, नगर निगम के कर्मचारियों, और प्रशासन के संयुक्त प्रयास का परिणाम है। जिसके लिए सभी को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई। हालांकि, हमें यह भी स्वीकार करना होगा कि सोरस पर कूड़ा अलग करने और डोर टू डोर कलेक्शन में अभी भी कुछ कमियां रह गई हैं, जिन्हें सुधारने की आवश्यकता है।
मेयर नगर निगम मंडी की ओर से मंडी वासियों से विशेष अनुरोध है कि कूड़ा खुले में न फेंकें। कूड़े को सूखा और गीला अलग करके ही सफाई मित्र को दें। प्लास्टिक और रिसायक्लेबल कचरे को अलग रखें। स्वच्छता नियमों का पालन करें। आप सभी के सहयोग से ही हम आने वाले स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में और बेहतर स्थान प्राप्त कर सकते हैं। आइए, मिलकर अपने मंडी शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने की दिशा में एक और मजबूत कदम उठाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा