एनडीआरएफ के जवानों को स्कूली छात्राओं ने रक्षासूत्र बांधा,जताई खुशी

वाराणसी,16 अगस्त (हि.स.)। जनपद में स्थित 11 एनडीआरएफ मुख्यालय में शुक्रवार को स्कूली छात्राओं ने उत्साह के साथ जवानों और अफसरों को रक्षासूत्र बांध उनके साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। अपनों और परिजनों से दूर जवान और अफसर छात्राओं के इस स्नेह से गदगद दिखे।

छात्राओं ने मुश्किल घड़ी प्राकृतिक आपदा में जवानों के बचाव कार्य की प्रशंसा कर उनकी सलामती की प्रार्थना भी की। निजी स्कूल रेजिडेंस इंग्लिश स्कूल, के.वी. पब्लिक स्कूल, एम्बिशन अकादमी और लीला फाउंडेशन की छात्राओं ने कार्यक्रम में भागीदारी की। एनडीआरएफ के उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने छात्राओं के स्नेह पर आभार जताया।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर्व सिर्फ रक्षा का वचन नहीं, बल्कि सुरक्षा, प्रेम और एकता का प्रतीक है। एनडीआरएफ न केवल आपदा प्रबंधन में अग्रणी भूमिका निभाती है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अपनी उल्लेखनीय भागीदारी से समाज को एकसूत्र में पिरोती है। जवानों ने भी समाज की सुरक्षा और सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया, साथ ही यह वचन दिया कि वे आपदाओं के समय निःस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं देते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी / मोहित वर्मा

   

सम्बंधित खबर