कूलर खरीदने के विवाद में कबाड़ व्यापारी की हत्या करने वाला गिरफ्तार

जयपुर, 05 जून (हि.स.)। जयपुर ग्रामीण जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष, सामाजिक कार्यकर्ता एवं कबाड़ व्यापारी रामअवतार असवाल उर्फ पप्पू (55) की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने मात्र तीन दिन में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि कबाड़ खरीदने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपित ने पहले लोहे के एंगल से हमला किया और फिर धारदार हथियार से वार कर रामअवतार की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए सीआई सुरेंद्र सिंह और शाहपुरा थानाधिकारी रिया चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए घटनास्थल और आसपास लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार जांच और सूचना संकलन के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की।पूछताछ में आरोपित ने हत्या करना स्वीकार के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोहेल (20) पुत्र कुतुबुद्दीन लुहार निवासी लुहार मंडी, मनोहरपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मृतक रामअवतार असवाल (55) वर्षों से कबाड़ का कारोबार करते थे और श्याम मार्केट स्थित उनकी दुकान ही कबाड़ गोदाम के रूप में भी उपयोग में ली जाती थी। एक जून की शाम आरोपी सोहेल खान कबूतरों के लिए पुराना कूलर खरीदने के उद्देश्य से वहां पहुंचा था। कूलर की खरीद-फरोख्त को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई।

जांच में सामने आया कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने मौका देखकर दुकान पर बैठे राम अवतार के सिर पर लोहे के एंगल से हमला कर दिया। हमले से घायल होकर गिरने के बाद आरोपी ने धारदार हथियार (चाकू) से उनकी गर्दन और हाथ पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।

गौरतलब है कि दो जून को मृतक के भाई गुलाब असवाल ने मनोहरपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रामअवतार असवाल रात तक घर नहीं लौटे और फोन भी नहीं उठा रहे थे। इस पर भतीजे इशांत असवाल को दुकान पर भेजा गया, जहां रामअवतार मृत अवस्था में मिले। उनके सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस अब आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का एंगल और धारदार हथियार बरामद करने के प्रयास में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर