सिलीगुड़ी, 18 मई (हि. स.)। नक्सलबाड़ी थाना पुलिस को इलेक्ट्रिकल सामान चोरी मामले में बड़ी सफलता मिली है। बीते 14 मई को नक्सलबाड़ी के देशबंधुपाड़ा स्थित एक गोदाम से कई इलेक्ट्रिकल सामान चोरी होने की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। इसके बाद दूसरे आरोपित को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस ने गोपाल साहानी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया। पुलिस पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपित अग्नु ग्वाला को भी बीती रात गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोपाल साहानी चोरी किए गए इलेक्ट्रॉनिक सामान को चरणबद्ध तरीके से अग्नु को बेचता था। पुलिस ने अग्नु की दुकान से चोरी का सामान बरामद किया है।
बताया जा रहा है कि अग्नु की इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है। सोमवार को आरोपित को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।

