सुरक्षा बलों के त्याग और तपस्या के कारण ही हम सुरक्षित : अमित शाह

सुरक्षा सेवा प्रभाग का राष्ट्रीय सम्मेलन

- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने किया सुरक्षा सेवा प्रभाग के राष्ट्रीय सम्मेलन और संस्थान की वार्षिक थीम का शुभारंभ

सिराेही, 17 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि सशस्त्र बलों के सुरक्षाकर्मियों के

त्याग-तप और बलिदान के कारण आज हम सुरक्षित हैं। 46 डिग्री टेंपरेचर से

लेकर प्लस 46 डिग्री टेंपरेचर में रेगिस्तान के अंदर हमारी सीमाओं

की वह सुरक्षा अपने जीवन का स्वर्ण काल देकर करते हैं। तभी जाकर हम

सुरक्षित, आंतरिक सुरक्षा की बात करते हैं। सेना और सीआरपीएफ काे छोड़कर सभी

राज्यों की पुलिस भी कानून और व्यवस्था की स्थिति संभालकर हर निर्बल को

संरक्षण देने का काम करती है। यह काम एक प्रकार से ढेर सारा तनाव

पैदा करने वाला है। नींद की कमी, पानी की कमी, शांत मन की कमी और हिंसा से

जूझने के समय उनका मन तनाव में होता है, ऐसे में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा हमारे सुरक्षा कर्मियों को बाहर लाकर उनका मन, आत्मा और शरीर को शांति का

मार्ग प्रशस्त करने का प्रयास करना, अपने आप में एक बहुत बड़ा काम है।

गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को ब्रह्माकुमारीज़ के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय शांतिवन पहुंचे। यहां उन्हाेंने डायमंड हॉल में आयोजित कार्यक्रम में संस्थान के सुरक्षा सेवा प्रभाग के राष्ट्रीय सम्मेलन का दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ और प्रभाग की सिल्वर जुबली की लॉचिंग की। संस्थान की इस वर्ष की वार्षिक थीम- विश्व एकता एवं विश्वास के लिए ध्यान का राष्ट्रीय उद्घाटन किया।

कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 25 साल से हर एक सुरक्षा बल के अंदर जाकर इतने तनाव को कम करके अपने आत्मा को शांति की और कैसे ले जाना और उसके साथ शांत मन और स्वस्थ शरीर से देश की सुरक्षा को और अच्छे तरीके से करने की दिशा में ब्रह्माकुमारीज़ ने जो प्रयास किया है, इसकी मैं बहुत मन से प्रशंसा भी करता हूं और देश के गृह मंत्री के नाते धन्यवाद भी प्रेरित करना चाहता हूं। योग और अध्यात्म से मन-बुद्धि, शरीर और आत्मा को एकरूप करके ज्ञान से प्रगति के रास्ते पर जाने के लिए और चिंतन से समस्याओं के निवारण के लिए नीतियों का सृजन करना, भारत की बहुत पुरानी परंपरा है। हम इस परंपरा को आज भी समग्र विश्व के अंदर पहुंचाने के लिए प्रयासरत हैं। वसुधैव कुटुंबकम की भावना, भारत ने सबसे पहले विश्व को दी। जब पूरे विश्व में लोग गुफाओं में रहते थे तब पूरा विश्व मेरा परिवार है, ये हमारे उपनिषद की ऋचा ने समग्र विश्व को हमारा परिवार बनाया।

गृह मंत्री शाह ने कहा कि आजादी के 75 साल के बाद जब पीछे मुड़कर देखते हैं तो हमारा देश बहुत बड़ी व्याधि काटकर आज विश्व में पांचवें नंबर का अर्थतंत्र बना है। मुझे पूरा विश्वास है कि हम कुछ ही सालों में विश्व में तीसरे नंबर का अर्थतंत्र बनेंगे। हम पीएम मोदी के नेतृत्व में विश्व में सर्वोच्च स्थान पर पहुंचने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। परंतु विश्व में तीसरे नंबर का अर्थतंत्र बनने के साथ ही हमारी जो परंपराएं हैं, जिन्होंने पूरे विश्व को विश्व बंधुत्व की भावना की ओर ले जाने की क्षमता पड़ी है। हर मानव के अंदर रही आत्मा को परमात्मा के साथ जोड़ने की शक्ति हमारी परंपराओं में पड़ी है। हर जीवन को सद्वृत्ति को नई राह पर ले जाने की हमारी परंपराओं में शक्ति पड़ी है। इतनी ही तेजी के साथ आगे ले जाना यह भारत का लक्ष्य होना चाहिए। इसके लिए ब्रह्माकुमारी जैसी संस्थाएं बहुत अच्छे से काम कर रही हैं जो हमारे उद्देश्य को बहुत जल्दी से पूरा करने की दिशा में हम आगे बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि गृह मंत्री ने देश की आंतरिक सुरक्षा, संवैधानिक सुधारों और राष्ट्रीय अखंडता को सशक्त करने वाले कई ऐतिहासिक निर्णय किए हैं। जिनकी प्रतीक्षा देश दशकों से कर रहा था। अनुच्छेद 370 का स्थायी समाधान, कश्मीर घाटी में शांति और नवाचार और प्रगति की नींव रखने वाला ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। इससे कश्मीर में अलगाववाद और आंतकवाद के मंसूबे परास्त हुए हैं। नक्सलवाद के विरुद्ध आपकी जीरो टालरेंस की नीति के चलते वे क्षेत्र जो कभी भय और हिंसा के पर्याय थे, आज शांति और विकास के पथ पर अग्रसर हैं।

इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी मौजूद रहे।

ब्रह्माकुमारीज़ की मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके मोहिनी दीदी ने कहा कि यदि अपने ही मन में शांति नहीं है तो हम कितनी ही कॉन्फ्रेंस कर लें, शांति की बात कर लें लेकिन कोई फायदा नहीं होगा। सबसे पहले हमें स्वयं के अंदर शांति लानी होगी।

गृह मंत्री शाह ने पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी रतनमोहिनी को श्रद्धांजली अर्पित की। साथ ही नवनियुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके मोहिनी दीदी और अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके मुन्नी दीदी का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।

गृह मंत्री शाह के पहुंचने पर मानपुर हवाई पट्‌टी पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, प्रभारी मंत्री केके विश्नोई ने अगवानी की। सुरक्षा सेवा प्रभाग के राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे जल सेना, थल सेना और वायु सेना के 400 से अधिक अधिकारी, जवान भी विशेष रूप से मौजूद रहे। ये सभी अधिकारी और जवान चार दिन तक आध्यात्मिता और राजयोग ध्यान की बारीकियां सीखेंगे।

कार्यक्रम में अतिरिक्त महासचिव बीके डॉ. मृत्युंजय भाई, सुरक्षा सेवा प्रभाग की उपाध्यक्ष दिल्ली की बीके शुक्ला दीदी ने भी संबाेधन दिया।

गृहमंत्री का अतिरिक्त महासचिव डॉ. मृत्युंजय भाई ने इलाइची की माला और राजस्थानी पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। सोमनाथ मंदिर की प्रतिकृति का मॉडल भेंट किया।

अतिरिक्त महासचिव बीके करुणा भाई व बीके शिविका बहन ने मधुबन का मॉडल प्रतीक चिंहृ भेंट किया।

मधुर वाणी ग्रुप के कलाकारों ने स्वागत गीत की प्रस्तुति दी।

सुरक्षा सेवा प्रभाग की 40 साल की सेवाओं का वीडियो प्रजेंटेशन दिखाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

   

सम्बंधित खबर