‘प्रकृति के साथ सामंजस्य एवं सतत विकास’ से होगा जैव विविधता में सुधार : डॉ संजय सिंह

प्रयागराज, 22 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के शुभ अवसर पर भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण-मध्य क्षेत्रीय केन्द्र प्रयागराज तथा भा.वा.अ.शि.प.- पारिस्थितिक पुनर्स्थापन केन्द्र प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में गुरूवार को “प्रकृति के साथ सामंजस्य और सतत विकास“ विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

मुख्य वक्ता डॉ. संजय सिंह, केन्द्र प्रमुख, ईआरसी ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन, वनों की कटाई तथा प्रदूषण के कारण जैव विविधता संकट में है। ऐसे में सतत विकास के मार्ग पर चलकर ही हम वर्तमान और भावी पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और समृद्ध पर्यावरण सुनिश्चित कर सकते हैं।

बीएसआई के कार्यालय प्रमुख डॉ. विनय रंजन ने जैव विविधता के महत्व एवं संरक्षण के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। इसके उपरांत वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अनीता तोमर ने पारिस्थितिक पुनर्स्थापन केन्द्र के क्रिया कलापों एवं जैव विविधता संरक्षण के प्रयास पर प्रकाश डाला। बीएसआई के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं नोडल अधिकारी डॉ. ओ.एन मौर्य ने मिशन लाइफ पर प्रकाश डाला। साथ ही ऊर्जा संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और जल बचत जैसे सरल कदमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया।

ईआरसी की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अनुभा श्रीवास्तव ने मिशन लाइफ की विभिन्न गतिविधियों पर चर्चा करते हुए पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। सीएमपी महाविद्यालय के शिक्षकविद डॉ. सरिता श्रीवास्तव एवं दीपक गोंड ने अपने अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम में नगर के विभिन्न विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के 100 से अधिक शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। उपस्थित विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार क्रमशः सुषमा रावत, प्रसून यादव, नंदिनी अग्निहोत्री, कृष्ण मोहन मिश्रा तथा ट्विंकल यादव को दिया गया। कार्यक्रम का संचालन अर्चना राय, कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ.संजय मिश्र ने किया। कार्यक्रम में ईआरसी के सहायक मुख्य तकनीकी अधिकारी डॉ. एस.डी शुक्ला, तकनीकी अधिकारी रतन गुप्ता, तकनीकी सहायक धर्मेंद्र कुमार के साथ संस्थान के वनस्पतिविद नीलिमा, डॉ. मुत्थू कुमार, चरण सिंह, लक्ष्मण कुमार आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

   

सम्बंधित खबर