सत्ता परिवर्तन के बाद श्रीरामपुर नगरपालिका के चर्चित पार्षद के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, नगरपालिका के सामने प्रदर्शन

हुगली, 06 जून (हि.स.)। श्रीरामपुर नगरपालिका के चर्चित और प्रभावशाली पार्षद उत्तम राय के खिलाफ लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर पहले वार्ड नंबर छह और बाद में वार्ड नंबर पांच से लगातार चार बार जीत दर्ज करने वाले उत्तम राय पर लंबे समय से दबंगई, विरोधियों पर अत्याचार और अवैध तरीके से संपत्ति कब्जाने जैसे गंभीर आरोप लगते रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पार्षद के प्रभाव का ऐसा डर था कि कोई भी उनके खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत नहीं करता था। आरोप है कि विरोधियों को कथित तौर पर “तालिबानी तरीके” से प्रताड़ित किया जाता था। बीते कुछ वर्षों में उनकी संपत्ति में भारी इजाफा हुआ है। दार्जिलिंग और दीघा में लग्जरी होटल, आलीशान मकान और कई समारोह भवन बनाने के भी आरोप लगाए जा रहे हैं।

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अब कथित रूप से प्रताड़ित लोग सड़क पर उतर आए हैं। इसी क्रम में श्रीरामपुर नगरपालिका के सामने उत्तम राय के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने उत्तम राय की तस्वीर पर अंडे फेंककर विरोध जताया और प्रशासन से उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कथित भ्रष्टाचार और अत्याचार के मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।

वहीं, इस मामले पर श्रीरामपुर नगरपालिका के चेयरमैन गिरीधारी साहा ने कहा कि उनके पास अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं पहुंची है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बहरहाल, खबर लिखे जाने तक आरोपित पार्षद की प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई थी।

---------------

   

सम्बंधित खबर