लोकसेवा भवन में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक संपन्न
- Admin Admin
- Apr 04, 2025

- कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए
गुवाहाटी, 04 अप्रैल (हि.स.)। लोकसेवा भवन में शुक्रवार को राज्य मंत्रिमंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की अध्यक्षता में हुई इस कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने एक संवाददाता सम्मेलन में इन निर्णयों की जानकारी दी।
कैबिनेट के प्रमुख फैसलों में राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए दो फीसदी महंगाई भत्ता (डीए) और पेंशनभोगियों के लिए दो फीसदी डियरनेस रिलीफ (डीआर) बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
बाढ़ नियंत्रण के लिए मथाउरी कमेटी का गठन किया जाएगा। प्रत्येक कमेटी में 10-15 युवा स्वयंसेवक रहेंगे, जो बाढ़ नियंत्रण में सहायता करेंगे। मुख्यमंत्री अक्टूबर में इन स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करेंगे।
जागीरोड में वर्किंग वुमेन हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा। 142 करोड़ रुपये की लागत से यह हॉस्टल बनाया जाएगा, जहां सेमीकंडक्टर उद्योग में काम करने वाली महिलाएं रहेंगी।
एक बोहाग (असमिया नववर्ष) से सभी सरकारी अधिसूचनाएं और सरकारी पत्र अंग्रेजी के साथ असमिया भाषा में भी प्रकाशित होंगे। साथ ही बराक घाटी में अंग्रेजी के साथ बांग्ला भाषा और बोडो क्षेत्र में अंग्रेजी के साथ बोडो भाषा में भी प्रकाशित किये जाएंगे।
28 हजार कोच राजवंशी समुदाय के लोगों के विदेशी ट्रिब्यूनल में चल रहे केस वापस लेने का निर्णय। अब उनके खिलाफ विदेशी नागरिकता से जुड़े कोई मामले दर्ज नहीं होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये फैसले राज्य के लोगों के हित में लिए गए हैं और आने वाले समय में इनका दूरगामी लाभ देखने को मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश