बिहार के सुपौल से गांजा लेकर दिल्ली आईं दो महिलाएं गिरफ्तार

नई दिल्ली, 4 मार्च (हि.स.)। शाहदरा जिले की नारकोटिक्स टॉक्स फोर्स ने बिहार के सुपौल से गांजा लेकर दिल्ली आईं दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान पूजा (32) और संजू देवी (50) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से करीब साढ़े 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया कि गांजा इन लोगों को सूरज नामक युवक ने दिया था। दोनों ट्रॉली बैग में गांजा लेकर दिल्ली के गीता कालोनी आ रही थीं। दोनों को गांजा वहीं बेचना था। शाहदरा जिले के डीसीपी प्रशांत गौतम ने मंगलवार को बताया कि एक मार्च को उनकी टीम को सूचना मिली कि कुछ महिलाएं गांजा लेकर गीता कालोनी इलाके में आने वाली हैं। मुखबिर के इशारे पर दो महिलाओं को ट्रॉली बैग लेकर आते हुए देखा गया। दोनों के अलग-अलग ट्राॅली बैग से गाजा बरामद हुआ। पुलिस दोनों से पूछताछ कर इनके बाकी साथियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। गांजा कितने पैसों में खरीदा गया था, इसका भी पता नहीं चल पाया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

   

सम्बंधित खबर