छोटीकाशी में शनि प्रदोष पर शिवालयों में हुआ सहस्त्रघट और रुद्राभिषेक
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
जयपुर, 27 जून (हि.स.)। छोटीकाशी के नाम से प्रसिद्ध जयपुर शहर में शनिवार को शनि प्रदोष के पावन अवसर पर सभी शिव मंदिरों में भक्ति का अनूठा सैलाब उमड़ा। इस विशेष योग पर श्रद्धालुओं ने दिनभर व्रत-उपवास रखकर भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की और शाम को प्रदोष काल के शुभ मुहूर्त में दूध व जल से बाबा का अभिषेक किया।
प्रमुख शिव मंदिरों में लगी कतारें, शाम को सजीं नयनाभिराम झांकियां
शनि प्रदोष के चलते चौड़ा रास्ता स्थित आराध्य ताड़केश्वर नाथ, वैशाली नगर के झारखंड महादेव, बनीपार्क के जलेश्वर महादेव और छोटी चौपड़ स्थित रोजगारेश्वर महादेव सहित शहर के तमाम छोटे-बड़े शिव मंदिरों में सुबह से ही जलाभिषेक करने वाले भक्तों का तांता लगा रहा। देर शाम प्रदोष काल की पूजा के समय सभी शिवालयों में भगवान शिव का फूलों और विशेष वस्त्रों से मनमोहक श्रृंगार कर मनोरम झांकियां सजाई गईं, जिनके दर्शनों के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
इसी कड़ी में, श्री गैटेश्वर कला संस्थान के तत्वावधान में गैटोर की छतरियां स्थित अति प्राचीन शिवालय श्री गैटेश्वर महादेव में शनि प्रदोष पर भव्य 'सहस्त्रघट' और 'रुद्राभिषेक' अनुष्ठान का आयोजन किया गया। संस्थान के मंत्री ओ पी चांडक ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार सुबह 11 बजे से ही वैदिक मंत्रोचार के बीच बाबा गैटेश्वर नाथ का जलाभिषेक और पंचामृत अभिषेक शुरू किया गया। इसके बाद संध्याकाल में भगवान शिव का विभिन्न प्रकार के सुगंधित पुष्पों से अलौकिक श्रृंगार किया गया। शाम 7:30 बजे मुख्य महाआरती उतारी गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ कमाया। देर रात तक शिव मंदिरों में 'हर-हर महादेव' और 'ॐ नमः शिवाय' के जयकारे गूंजते रहे। महाआरती के पश्चात भक्तों को विशेष रूप से तैयार पंचामृत और प्रसादी का वितरण किया गया।
---------------

