नई दिल्ली, 15 मई (हि.स.)। उत्तर पूर्वी जिले के शास्त्री पार्क इलाके में शुक्रवार तड़के ई-रिक्शा चालक को गोली मारने की वारदात सामने आई है। घायल चालक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने भाग रहे एक आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार घायल की पहचान 54 वर्षीय एहसान के रूप में हुई है, जो शास्त्री पार्क की गली नंबर-1 में रहता है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तड़के दो युवक उसके ई-रिक्शा में आकर बैठ गए थे। चालक ने जब उन्हें नीचे उतरने के लिए कहा तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपितों ने चालक पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपित मौके से भागने लगे। इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में ले लिया। घायल को परिजन पहले जग प्रवेश चंद्र अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस अधिकारी के अनुसार मामले में शास्त्री पार्क थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मौके से पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं। घटना की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फरार आरोपित की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला मामूली विवाद के बाद हिंसा में बदलने का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
---------------

