बिश्नाह में औद्योगिक प्रदूषण के खिलाफ शिव सेना हिंदुस्तान का विरोध प्रदर्शन
- DSS Admin
- May 10, 2026
जम्मू,, 10 मई (हि.स.)।
बिश्नाह के मुरार चक क्षेत्र में शिव सेना हिंदुस्तान ने औद्योगिक प्रदूषण के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जम्मू-कश्मीर राज्य अध्यक्ष पंडित राजेश केसरी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक एवं प्रदर्शन में ग्रामीणों ने सरकार और उद्योग मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गंभीर आरोप लगाए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि एक हर्बिसाइड (कीटनाशक) बनाने वाली फैक्ट्री से निकलने वाला रासायनिक अपशिष्ट नालों के माध्यम से सीधे उनके गांवों—चक मुरार, ध्यान, करपाल सहित आसपास के क्षेत्रों—में पहुंच रहा है जिससे कृषि भूमि की उर्वरता खत्म हो रही है। किसानों का कहना है कि अब खेतों में बोई गई फसलें पहले की तुलना में आधी भी उपज नहीं दे रही हैं और सिंचाई का पानी जहरीला हो चुका है।
सभा को संबोधित करते हुए पंडित राजेश केसरी ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो कई गांवों की आजीविका खतरे में पड़ जाएगी। उन्होंने नशे के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाने की अपील की और ग्रामीणों से नशा तस्करों का सामाजिक बहिष्कार करने तथा उन्हें गांव से बाहर करने की बात कही।
कार्यक्रम में कई स्थानीय नेता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
---------------

