हमीरपुर में भारत माता की जय की गूंज के साथ निकली तिरंगा यात्रा

-सैकड़ों शिक्षकों, अधिकारियों और व्यापारियों ने तिरंगा यात्रा निकालकर किया तिरंगा मय

हमीरपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। बुधवार को जिला मुख्यालय पर भारत माता की जय के साथ बाइक और स्कूटी से तिरंगा यात्रा निकाला गया। इस तिरंगा यात्रा को जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

तिरंगा यात्रा में आठ सौ शिक्षक, अधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारियों ने हिस्सा लिया। तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला क्रीड़ा स्थल पर समाप्त हुई। बच्चों, किशोर, युवाओं में देशप्रेम को लेकर काफी उत्साह दिखाई दिया। हर कोई तिरंगा लेकर देशभक्ति का इजहार करने सड़कों पर उतर गया हो। तिरंगा यात्रा देशभक्ति के तरानों के साथ शहर के जिस मार्ग और चौराहे से गुजरी वहां तिरंगा लिए देशभक्तों का लोगों ने दिल खोलकर स्वागत किया। जो जहां था उसने वहीं से भारत माता की जय, वंदे मातरम का उद्घोष किया। हर घर तिरंगा अभियान में तिरंगा यात्रा का आज बाइक व स्कूटी रैली का आयोजन किया गया।

बाइक व स्कूटी रैली का शुभारंभ राहुल पांडे, जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया गया। बाइक व स्कूटी रैली शुभारंभ कार्यक्रम में चंद्रशेखर शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी, नागेंद्र नाथ, अपर जिला अधिकारी (न्यायिक), अजीत श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, महेश गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक, आलोक सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, जनपद हमीरपुर उपस्थित रहे।

तिरंगा बाइक व स्कूटी रैली में जनपद के सभी ब्लॉकों से आए हुए लगभग 800 शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने अपनी-अपनी बाइक एवं स्कूटी में झंडा लगाकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए तिरंगा यात्रा निकाली। तिरंगा यात्रा लक्ष्मी बाई चौराहे से शुरू हुई और बस स्टैंड, हाथी दरवाजा, कालपी चौराहा, जिला अस्पताल, बेसिक शिक्षा कार्यालय, अकिल तिराहा, रमेड़ी चौराहा से जेल रोड होते हुए जिला क्रीड़ा स्थल हमीरपुर पहुंची। तिरंगा यात्रा के माध्यम से पूरा शहर और हर नौजवान, नागरिक ने मुख्यालय हमीरपुर को तिरंगामय बनाने का काम किया।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों ने आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। इन्हीं के सम्मान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर घर तिरंगे का अभियान शुरू किया गया है। 13 से 15 अगस्त तक हर घर में तिरंगा होगा। आज की युवा पीढ़ी जो आजादी के बाद जन्मी है, उसने अंग्रेजों का शासन नहीं देखा है। लेकिन देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले सपूतों के बारे में हम सभी जानते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा / राजेश

   

सम्बंधित खबर