जबलपुर : ट्रेन में सांप के काटने की आशंका से मची अफरा-तफरी, स्टेशन पर एक घंटे चली तलाशी
- DSS Admin
- Jun 26, 2026
जबलपुर, 26 जून (हि.स.)। पूर्णा से पटना जा रही गाड़ी संख्या 17610 में शुक्रवार सुबह नरसिंहपुर और जबलपुर स्टेशन के बीच एस-8 कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री ने अचानक चिल्लाते हुए दावा किया कि उसे सांप ने काट लिया है।
जानकारी के अनुसार, एस-8 कोच की बर्थ नंबर 69 पर सफर कर रहे विकास कुमार गहरी नींद में थे। इसी दौरान उन्हें पैर में किसी चीज के काटने का एहसास हुआ। दर्द महसूस होने पर उनकी नजर किसी पूंछ जैसी वस्तु पर पड़ी, जिससे उन्हें सांप के काटने की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने जोर-जोर से मदद के लिए आवाज लगाई। उनकी चीख सुनते ही कोच में अफरा-तफरी मच गई और घबराए यात्री अपनी जान बचाने के लिए दूसरे डिब्बों की ओर चले गए। देखते ही देखते एस-8 कोच लगभग खाली हो गया।
सुबह करीब 9:15 बजे ट्रेन जबलपुर स्टेशन पहुंची, जहां रेलवे अधिकारियों, चिकित्सकों और स्थानीय सर्प विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर कोच की सघन जांच शुरू की। सीटों के नीचे और कोच के हर संभावित हिस्से की करीब एक घंटे तक तलाशी ली गई। इस दौरान ट्रेन सुबह 9:15 बजे से 10:15 बजे तक स्टेशन पर खड़ी रही, लेकिन जांच में कहीं भी सांप नहीं मिला।
कुछ यात्रियों ने आशंका जताई कि संभवतः यात्री ने चूहे की पूंछ को सांप समझ लिया हो। एहतियात के तौर पर विकास कुमार को ट्रेन से उतारकर प्राथमिक जांच के बाद विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। प्रारंभिक जांच में भी सांप के काटने की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद रेलवे ने कोच को सुरक्षित घोषित कर ट्रेन को पटना के लिए रवाना कर दिया।
---------------

