चर्चा ऐसी हो जिसका लाभ जनता को मिल सकेः देवनानी

जयपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को सदन में कहा कि यह सदन पक्ष और प्रतिपक्ष दोनों के सदस्यों के सहयोग से चल रहा है। सदन की बैठकों को व्यवस्था से चलाने में सभी सदस्यों से सहयोग की अपेक्षा है। इसके लिए सदस्यों को आसन द्वारा दी जाने वाली व्यवस्थाओं का अक्षरश: पालन करना होगा। यहां सभी बराबर है। समय निश्चित है। यह व्यवस्था संबंधित सचेतक द्वारा की जानी है कि उन्हें कितने सदस्यों को बुलवाना है, सचेतक को उसी हिसाब से सदस्य के लिए समय भी निर्धारित करना होगा।

स्पीकर देवनानी ने कहा कि सदस्यों को सदन में बोलने के लिए विषय वस्तु पर अध्ययन करना चाहिए। सदस्यों को समय सीमा को ध्यान में रखते हुए अपनी बात को स्प्ष्ट तरीके से रखें, ताकि उसका लाभ जनता को मिल सकें। श्री देवनानी ने कहा कि यह पवित्र सदन है। जनता का सदन है। जनता की समस्याओं को उठाने का सशक्त मंच है। यदि बहस सार्थक होगी तो उसका लाभ जनता को मिल सकेगा।

देवनानी ने कहा कि वे कठोर नहीं बनना चाहते हैं। इसलिए विधायकों से अपनी बात को सार्थक तरीके से रखने का आग्रह करते है। उन्हों ने कहा कि आसन का कार्य समय का पालन कराना है। एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने के बजाए समस्या को स्पष्ट तरीके से उठाकर सार्थक बहस का हिस्सा बने। सार्थक बहस में विधायकगण के आने वाले सुझाव राज्य के पॉलिसी मेटर बनाने में भी सहायक होते हैं।

स्पीकर देवनानी ने विधायकगण से अनुरोध किया कि प्रत्येक विधायक व्यवस्था का पालन करें। इससे सदन में की जाने वाली बहस की सार्थकता बढ सकेगी। जनता को भी इसका लाभ मिल सकेगा। सदन के प्रत्येक पल का भी सदुपयोग हो सकेगा। सदन में किस विषय पर कौन-कौन से विधायक बोलेंगे, यह तय करने का कार्य संबंधित दल के सचेतक का होता है। इसलिए विधायकगण संबंधित सचेतक से ही बोलने के लिए सम्पर्क करेंगे। निर्दलीय सदस्यए भी अपनी व्यवस्था भी आपस में मिलकर तय करेंगे।

देवनानी ने कहा कि विधायकों को सिर्फ बोलना है, यह सदन इसके लिए नहीं है। सदन में बोलने के लिए विधायकगण विषय वस्तु की तैयारी करके आए, यहां बोले, अच्छा बोले, उन्हें उनके क्षेत्र की जनता देख रही है, सुन रही है। विधायक जो यहां बोलते है, वे बाते उनके क्षेत्र के मीडिया में भी प्रकाशित होती है। आमजनता में सदन का अच्छा संदेश जाए इसके लिए विधायकगण को विषय वस्तु की पूरी तैयारी करके आनी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर / आकाश कुमार राय

   

सम्बंधित खबर