पत्नी ने रची पति से रंगदारी वसूलने की साजिश, गोगी गैंग के सदस्य संग पत्नी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 29 जून (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लक्ष्मी नगर के एक कारोबारी से गोगी गैंग के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने कारोबारी की पत्नी सपना जैन और गोगी गैंग से जुड़े राजत को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि पत्नी ने घरेलू विवाद के चलते पति से रंगदारी वसूलने, सास की हत्या कराने और पति पर हमला करवाने की साजिश रची थी। रंगदारी की धमकी अमेरिका से दिलवाई गई थी।

स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने सोमवार को बताया कि 14 जून को लक्ष्मी नगर में थोक कारोबार करने वाले पीड़ित को अमेरिका के एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल और व्हाट्सएप संदेश मिले। कॉल करने वाले ने खुद को गोगी गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। आरोपित ने कारोबारी की दुकान और घर की तस्वीरें व लोकेशन भेजकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत पर लक्ष्मी नगर थाने में मामला दर्ज किया गया, जिसे बाद में स्पेशल सेल को सौंप दिया गया।

तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 25 जून को हरियाणा के सोनीपत निवासी राजत को गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल की जांच में पता चला कि वह एक ओर अमेरिका में बैठे रंगदारी मांगने वाले व्यक्ति के संपर्क में था, वहीं दूसरी ओर कारोबारी की पत्नी सपना जैन और उसकी बहन से लगातार बातचीत कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने सपना जैन को भी गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पता चला कि कारोबारी और सपना जैन की शादी वर्ष 2007 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। लंबे समय से दोनों के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। सपना अपनी सास से भी नाराज रहती थी, क्योंकि वह हमेशा अपने बेटे का पक्ष लेती थीं। इसी कारण उसने अपनी बहन के दोस्त राजत के साथ मिलकर पूरी साजिश रची। सपना अपने पति की दिनचर्या और आवाजाही की जानकारी लगातार राजत को उपलब्ध करा रही थी। योजना थी कि पहले रंगदारी की रकम वसूली जाए और बाद में सास की हत्या तथा पति पर जानलेवा हमला कराया जाए।

पुलिस के अनुसार राजत का संपर्क जेल में बंद गैंगस्टर रोहित मोई समेत गोगी गैंग के कई सदस्यों से था। करीब तीन वर्ष पहले उसकी पहचान अमेरिका में रह रहे कर्मवीर पहलवान उर्फ मीता से हुई थी। दोनों आरोपितों के मोबाइल फोन से आपत्तिजनक चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। राजत के खिलाफ पहले से स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क और विदेश से जुड़े कनेक्शन की जांच कर रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर