अंबुवासी मेला के अवसर पर विशेष आध्यात्मिक शिविर का आयोजन

गुवाहाटी, 19 जून (हि.स.)। पवित्र अंबुबासी मेला के अवसर पर गुवाहाटी के वृहत्तर पांडु-मालीगांव अंबुबासी मेला समिति के तत्वावधान में एक विशेष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक शिविर का आयोजन किया गया है। पांडु कॉलेज गेट के समीप उत्तर सारथी खेल मैदान में आयोजित इस शिविर को लेकर श्रद्धालुओं एवं आम लोगों के बीच पहले से ही भारी उत्साह और उमंग का वातावरण देखा जा रहा है।

समिति की ओर से बताया गया है कि यह शिविर राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिम्मत बिस्व सरमा के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। धार्मिक गरिमा, आध्यात्मिक साधना तथा सांस्कृतिक विरासत के समन्वय से सुसज्जित यह कार्यक्रम 20 जून से प्रारंभ होकर 26 जून तक चलेगा। सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

शिविर का प्रमुख आकर्षण गुजरात से आ रहीं गिरीनाथ धाम की 1008 श्री महामंडलेश्वर पूज्य केनकेश्वरी देवी होंगी। वे श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथामृत का श्रवण कराएंगी तथा धर्म और अध्यात्म से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रवचन देंगी। आयोजकों को विश्वास है कि उनके आध्यात्मिक संदेश एवं धार्मिक उपदेश लोगों के बीच भक्ति, नैतिकता और मानवीय मूल्यों का प्रसार करेंगे।

इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में स्थानीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को भी विशेष महत्व दिया गया है। प्रतिदिन आयोजित सांस्कृतिक संध्या में असम की पारंपरिक बरगीत, नागारा नाम, ओजापाली, भक्तिगीत तथा बाउल गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जहां एक ओर धार्मिक वातावरण का निर्माण होगा, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन को भी बढ़ावा मिलेगा।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि अंबुबासी मेला के दौरान देश-विदेश से आने वाले साधु-संतों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए यह शिविर एक अनूठा संगम स्थल सिद्ध होगा। धार्मिक प्रवचन, भक्ति संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सौहार्द, आध्यात्मिक चेतना तथा सांस्कृतिक एकता का संदेश प्रसारित करना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।

वृहत्तर पांडु-मालीगांव अंबुबासी मेला समिति ने सभी श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमी लोगों एवं संस्कृति प्रेमियों से इस सात दिवसीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

---------------

   

सम्बंधित खबर