आईपीएल 2026: आरसीबी ने तुषारा की जगह ग्लीसन को किया शामिल, सीएसके में तेज गेंदबाज कुलदीप की एंट्री

नई दिल्ली, 15 मई (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने अपनी टीमों में अहम बदलाव किए हैं। आरसीबी ने श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा की जगह इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज रिचर्ड ग्लीसन को टीम में शामिल किया है, जबकि सीएसके ने चोटिल खलील अहमद के स्थान पर भारतीय तेज गेंदबाज कुलदीप यादव को मौका दिया है।

आरसीबी ने रिचर्ड ग्लीसन को 1.6 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। 38 वर्षीय ग्लीसन इससे पहले आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने 2024 सीजन में सीएसके के लिए दो मैच खेले थे, जबकि 2025 में मुंबई इंडियंस के लिए एक मुकाबला खेला था।

दरअसल, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) ने नुवान तुषारा को आवश्यक फिटनेस मानकों पर खरा न उतरने के कारण एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) देने से इनकार कर दिया था, जिसके चलते वह आईपीएल 2026 में आरसीबी से नहीं जुड़ सके। तुषारा को आरसीबी ने 2025 में 1.6 करोड़ रुपये में खरीदा था और उन्होंने टीम के खिताबी अभियान में एक मैच खेला था। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 2026 सीजन के लिए रिटेन भी किया था।

एनओसी नहीं मिलने के बाद तुषारा ने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन बाद में उन्होंने अपना मुकदमा वापस लेते हुए बोर्ड से लिखित माफी भी मांगी। अपनी शुरुआती याचिका में तुषारा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की इच्छा भी जताई थी, हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि वह अपने फैसले पर कायम रहेंगे या नहीं।

वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स ने चोटिल खलील अहमद के स्थान पर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया है। खलील अहमद ने इस सीजन में पांच मैचों में दो विकेट हासिल किए थे, लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में दाहिने पैर की क्वाड्रिसेप चोट के कारण वह पूरे सीजन से बाहर हो गए।

कुलदीप यादव इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल खेल चुके हैं। उन्होंने 2021 और 2023 सीजन में राजस्थान के लिए कुल तीन मुकाबले खेले थे। सीएसके ने उन्हें 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है।

-------------

   

सम्बंधित खबर