जिम्मेदार दर्शकों और बेहतर योजना ने मिलकर सफल बनाया आईपीएल सीजनः सीमांत सिंह

बेंगलुरु, 21 मई (हि.स.)। आरसीबी इनोवेशन लैब इंडियन स्पोर्ट्स समिट में बेंगलुरु सिटी पुलिस ने इस इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सीजन में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैचों के सफल आयोजन के लिए किए गए व्यापक इंतजामों और रणनीतियों की जानकारी साझा की। अधिकारियों ने बताया कि इस बार दर्शकों को पहले से अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम अनुभव देने पर विशेष ध्यान दिया गया।

बेंगलुरु सिटी के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने कहा कि पूरे सीजन के दौरान लक्ष्य केवल मैचों का आयोजन करना नहीं, बल्कि लाखों क्रिकेट प्रशंसकों को सुरक्षित और सहज माहौल उपलब्ध कराना था।

उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य था कि क्रिकेट की वापसी बेंगलुरु में सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारू तरीके से हो। पिछले छह महीनों में सभी संबंधित विभागों ने मिलकर मैच डे संचालन को नए सिरे से तैयार किया, बुनियादी ढांचे में सुधार किया और ऐसी व्यवस्थाएं विकसित कीं जो बड़ी भीड़ को प्रभावी ढंग से संभाल सकें।”

इस दौरान बेंगलुरु सिटी पुलिस, फायर एवं इमरजेंसी सेवाएं, इंजीनियर, मेडिकल अधिकारी, आर्किटेक्ट और परिवहन विभाग के अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय समिति बनाई गई, जिसने भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन प्रतिक्रिया और स्टेडियम के अंदर-बाहर आवाजाही को बेहतर बनाने पर काम किया।

एआई कैमरों और मेट्रो नेटवर्क का बड़ा योगदान

इस सीजन में 450 से अधिक एआई-सक्षम कैमरे लगाए गए, जिन्हें केंद्रीय वेन्यू ऑपरेशन सेंटर से जोड़ा गया। सभी गेटों पर दर्शकों की संख्या की लाइव मॉनिटरिंग की गई। साथ ही 21 हजार से अधिक दर्शकों के लिए अतिरिक्त होल्डिंग एरिया बनाए गए और पैदल आवाजाही के रास्तों को भी नए तरीके से डिजाइन किया गया।

बेंगलुरु सिटी पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम) वंशी कृष्णा ने कहा कि दर्शकों का अनुभव स्टेडियम पहुंचने से पहले ही शुरू हो जाता है।

उन्होंने कहा, “मेट्रो कनेक्टिविटी, पार्किंग प्रबंधन, गेट संचालन और मैच के बाद लोगों की निकासी तक हर व्यवस्था की विस्तार से योजना बनाई गई। हमारा फोकस भीड़ कम करना, पहुंच आसान बनाना और दर्शकों की पूरी यात्रा को बेहतर बनाना था।”

इस सीजन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में बेंगलुरु मेट्रो सेवाओं का मैच संचालन के साथ एकीकरण रहा। मैच टिकट धारकों को मेट्रो के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया गया। सीजन के अंतिम मुकाबले तक लगभग 70 प्रतिशत दर्शकों ने सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल किया।

अधिकारियों के मुताबिक इसी वजह से मैच समाप्त होने के बाद स्टेडियम क्षेत्र लगभग 35 मिनट में खाली हो गया, जो पहले की तुलना में काफी तेज था।

दर्शकों की सराहना

इसके अलावा आपातकालीन लेन, पार्किंग क्षेत्रों से शटल सेवा, द्विभाषी संकेतक बोर्ड, मोबाइल सहायता स्वयंसेवक, रियल टाइम सार्वजनिक घोषणाएं और सीजन शुरू होने से पहले कई मॉक ड्रिल भी आयोजित की गईं। पुलिस आयुक्त सिंह ने बेंगलुरु के क्रिकेट प्रशंसकों की भी सराहना की।

उन्होंने कहा, “दर्शकों का सहयोग बेहद उत्साहजनक रहा। बेंगलुरु में खेलों के प्रति लोगों का जुनून अद्भुत है और इस सीजन ने दिखाया कि जिम्मेदार दर्शक व्यवहार और समन्वित योजना मिलकर विश्वस्तरीय खेल वातावरण तैयार कर सकते हैं।”

------------

   

सम्बंधित खबर