श्रीलंका ए के खिलाफ भारत ए ने 170 रन की बढ़त बनाई, साई सुदर्शन रिटायर्ड हर्ट

गॉले, 27 जून (हि.स.)। भारत ए ने श्रीलंका ए के खिलाफ पहले चार दिवसीय मैच के तीसरे दिन शनिवार को अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। हालांकि टीम को उस समय बड़ा झटका लगा जब आगामी टेस्ट श्रृंखला से पहले युवा बल्लेबाज बी. साई सुदर्शन दूसरी पारी में केवल सात रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। इससे श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टेस्ट श्रृंखला से पहले भारतीय टीम की चिंता बढ़ सकती है।

पहली पारी में शानदार शतक लगाने वाले साई सुदर्शन दूसरी पारी के चौथे ओवर में चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ए ने अपनी बढ़त 170 रन तक पहुंचा दी।

तीसरे दिन स्टंप्स के समय आयुष पांडे 20 और देवदत्त पडिक्कल 20 रन बनाकर नाबाद लौटे।

इससे पहले भारत ए ने श्रीलंका ए को पहली पारी में 330 रन पर समेटकर 122 रन की बढ़त हासिल की थी। श्रीलंका ए ने तीसरे दिन 113/2 से आगे खेलना शुरू किया और कप्तान सहान अरच्चिगे (72), अशेन बंडारा (70) तथा नुवांडी फर्नांडो (84) की पारियों की बदौलत 330 रन बनाए।

भारत ए की ओर से तेज गेंदबाज आकिब नबी सबसे सफल रहे। उन्होंने 19.4 ओवर में 58 रन देकर चार विकेट झटके। श्रीलंका ए ने अपने आखिरी पांच विकेट केवल 30 रन के भीतर गंवा दिए, जिनमें से चार विकेट नबी ने लिए।

इसके अलावा हर्ष दुबे और यश ठाकुर ने दो-दो विकेट हासिल किए। दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ए ने दूसरी पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 48 रन बना लिए।

संक्षिप्त स्कोर

भारत ए: 452/6 घोषित और दूसरी पारी 48/0 (देवदत्त पडिक्कल 20*, आयुष पांडे 20*)

श्रीलंका ए: 330 (नुवांडी फर्नांडो 84, सहान अरच्चिगे 72; आकिब नबी 4/58)

भारत ए पहली पारी की बढ़त के आधार पर कुल 170 रन से आगे।

---------------

   

सम्बंधित खबर