महिला टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम पूरी तरह तैयार : स्मृति मंधाना
- DSS Admin
- May 19, 2026
मुंबई, 19 मई (हि.स.)। अगले महीने इंग्लैंड और वेल्स में आयोजित होने वाले महिला टी-20 विश्व कप 2026 से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा है कि टीम की तैयारियां शानदार चल रही हैं और सभी खिलाड़ी बेहतरीन लय में नजर आ रही हैं।
भारतीय टीम 12 देशों के इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगी। इससे पहले टीम बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा ले चुकी है और 22 मई को इंग्लैंड रवाना होगी, जहां मेजबान टीम के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी।
मुंबई में महिला स्वच्छता ब्रांड के एक कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंधाना ने कहा कि टीम ने विश्व कप की तैयारियों में काफी मेहनत की है, हालांकि वह रणनीति को लेकर ज्यादा खुलासा नहीं करना चाहतीं। उन्होंने कहा, “कैंप बहुत अच्छा रहा। हम विश्व कप के लिए तैयारी कर रहे हैं और उससे पहले एक सीरीज भी खेलेंगे। सभी खिलाड़ी अच्छी स्थिति में हैं और उन्होंने शानदार अभ्यास किया है। उम्मीद है कि हम इसी मेहनत को जारी रखेंगे, देश को गौरवान्वित करेंगे और ट्रॉफी भारत लेकर आएंगे।”
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों से बातचीत करते हुए मंधाना ने खेलों में करियर की संभावनाओं पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे खेल और खिलाड़ियों के संघर्ष को लेकर काफी जागरूक हैं। मंधाना ने कहा, “मेरे लिए यह बहुत जरूरी है कि बच्चों को यह संदेश मिले कि खेल और क्रिकेट में भी शानदार करियर बनाया जा सकता है। मैं हमेशा यही कहती हूं कि अपने जुनून को अपनाइए और पूरी प्रक्रिया का आनंद लीजिए।”
---------------

