टी-20 मुंबई लीग के लिए धवल कुलकर्णी बने ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स के हेड कोच
- DSS Admin
- May 26, 2026
ठाणे (महाराष्ट्र), 26 मई (हि.स.)। आगामी टी-20 मुंबई लीग के लिए ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लंबा अनुभव रखने वाले पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी को टीम का हेड कोच नियुक्त किया है। पिछले सीजन में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स इस बार उनके मार्गदर्शन में खिताबी जंग के लिए लड़ती नजर आएगी।
हेड कोच नियुक्त किए जाने के बाद धवल कुलकर्णी ने टीम के साथ जुड़ने और खिलाड़ियों के साथ काम करने को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, अब तक का अनुभव बहुत अच्छा रहा है, टीम का हर खिलाड़ी उत्साहित है और अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए पूरी तरह तैयार है। हमने ऐसा माहौल बनाने की कोशिश की है, जहां खिलाड़ी जिम्मेदारी लें और निडरता के साथ क्रिकेट खेलें।
आगामी सीजन के लिए अपनी रणनीति साझा करते हुए पूर्व भारतीय गेंदबाज ने कहा, हमारी रणनीति का मुख्य आधार ही फोकस है, हमारी यही कोशिश रहेगी कि चीजें सरलता के साथ की जायें। हम एक समय पर एक मैच पर ध्यान देना चाहते हैं और यही हमारी प्राथमिकता है।
इससे पहले ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स के बल्लेबाज साईराज पाटिल ने कहा था कि पिछले सीजन में टीम फाइनल में पहुंचने से मामूली अंतर से चूक गई थी, लेकिन इस बार टीम का लक्ष्य हर हाल में मुंबई लीग का खिताब जीतना है।
टी-20 मुंबई लीग का आयोजन 1 जून से 13 जून तक किया जाएगा। ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स अपने अभियान की शुरुआत टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ करेगी।
टीम:
आदित्य विनोद गिरी, अमर्त्य राजे, अनुज विनोद गिरी, अथर्व अंकोलेकर, अयान मोहित जैन, एकनाथ दिनेश केरकर, कार्तिक मिथिलेश मिश्रा, मनन भाट, ओंकार तुकाराम तरमले, रोहन राजेंद्र घाग, साईराज पाटिल, शार्दुल ठाकुर, शशिकांत एकनाथ कदम, शाश्वत योगेश जगताप।
---------------

