टी-20 मुंबई लीग के लिए ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स की टीम घोषित, अगुवाई करेंगे शार्दुल ठाकुर
- DSS Admin
- May 20, 2026
ठाणे (महाराष्ट्र), 20 मई (हि.स.)। ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स ने टी-20 मुंबई लीग 2026 के लिए बुधवार को अपनी टीम की घोषणा कर दी है। भारतीय ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर एक बार फिर टीम की अगुवाई करते नजर आएंगे।
टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं का शानदार मिश्रण देखने को मिला है। पिछली बार ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स सेमीफाइनल तक पहुंची थी, लेकिन वहां उसे आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इस बार टीम खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
टीम के मालिक विक्की रूपचंदानी ने कहा, “हम इस सीजन के लिए तैयार की गई टीम से काफी संतुष्ट हैं। टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ ऐसे युवा खिलाड़ी भी हैं जो बड़े मंच पर खुद को साबित करने के लिए उत्साहित हैं। पिछली बार हम सेमीफाइनल तक पहुंचे थे और इस बार हमारा लक्ष्य खिताब जीतना है। हमें भरोसा है कि खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और हमारे समर्थकों को गर्व महसूस कराएंगे।”
टी-20 मुंबई लीग का आयोजन 1 जून से 13 जून तक होगा। ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स अपना पहला मुकाबला 1 जून को बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ खेलेगी। पुरुष वर्ग में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें शीर्ष चार टीमें 11 जून को होने वाले सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स की टीम
आदित्य विनोद गिरी, अमर्त्य राजे, अनुज विनोद गिरी, अथर्व अंकोलेकर, अयान मोहित जैन, एकनाथ दिनेश केरकर, कार्तिक मिथिलेश मिश्रा, मनन भाट, ओंकार तुकाराम तरमले, रोहन राजेंद्र घाग, साईराज पाटिल, शार्दुल ठाकुर, शशिकांत एकनाथ कदम, शाश्वत योगेश जगताप, शॉन मोतीराम रोड्रिग्स, शिवांश लल्लन सिंह, सिद्धांत मनोज सिंह, सुमेर सम्राट जावेरी, विनय सुरेश कुंवर और धनय पारेख।
---------------

