फीफा विश्व कप 2026: क्वार्टर फाइनल की तस्वीर लगभग साफ, छह टीमों ने अंतिम-8 में बनाई जगह
- DSS Admin
- Jul 07, 2026
नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)।फीफा विश्व कप 2026 में क्वार्टर फाइनल की तस्वीर अब लगभग पूरी तरह साफ हो गई है। राउंड ऑफ-16 के शुरुआती मुकाबलों के बाद छह टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है, जबकि बाकी दो स्थानों का फैसला आज होने वाले मुकाबलों के बाद होगा।
अब तक क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली टीमों में मोरक्को, फ्रांस, नॉर्वे, इंग्लैंड, स्पेन और बेल्जियम शामिल हैं।
मोरक्को ने कनाडा को 3-0 से हराकर सबसे पहले अंतिम-8 का टिकट कटाया। इसके बाद फ्रांस ने पराग्वे को 1-0 से मात दी। सबसे बड़ा उलटफेर नॉर्वे ने किया, जिसने पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील को 2-1 से हराकर इतिहास रच दिया।
इंग्लैंड ने मेजबान मेक्सिको को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराया, जबकि स्पेन ने पुर्तगाल को 1-0 से शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। बेल्जियम ने संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) को 4-1 से हराकर अंतिम-8 में अपनी जगह मजबूत कर ली।
अब सभी की नजरें राउंड ऑफ-16 के आखिरी दो मुकाबलों पर टिकी हैं।
आज अर्जेंटीना और मिस्र के बीच होने वाले मैच से एक और क्वार्टर फाइनलिस्ट का फैसला होगा, जबकि दूसरे मुकाबले में स्विट्जरलैंड और कोलंबिया आमने-सामने होंगे।
इन दोनों मैचों के बाद क्वार्टर फाइनल की आठों टीमें तय हो जाएंगी और खिताब की जंग और भी रोमांचक हो जाएगी।
---------------

