नई दिल्ली, 08 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने बुधवार को घोषणा की कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स (केआईयूजी) 2026 की मेजबानी तेलंगाना करेगा। खेलों का आठवां संस्करण इस वर्ष नवंबर में आयोजित होने की संभावना है। इसके साथ ही पिछले तीन वर्षों में तेलंगाना खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी करने वाला दूसरा दक्षिण भारतीय राज्य होगा। इससे पहले 2024 में तमिलनाडु और 2025 में बिहार ने सातवें संस्करण की मेजबानी की थी।
डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश के सभी क्षेत्रों में राष्ट्रीय खेल आयोजनों को पहुंचाने के विजन के अनुरूप तेलंगाना को यह जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य के पास उत्कृष्ट खेल अवसंरचना और आयोजन को सफल बनाने का पर्याप्त उत्साह है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में करीब 8,000 खिलाड़ी, अधिकारी और सहयोगी स्टाफ भाग लेंगे।
खेल मंत्री ने कहा कि एशियाई खेल 2026 के बाद होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स में खिलाड़ियों से उच्चस्तरीय प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवा खिलाड़ियों के लिए अपने आदर्श खिलाड़ियों को करीब से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का बेहतरीन अवसर होगा।
पिछले संस्करण में महाराष्ट्र रहा था चैंपियन
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में महाराष्ट्र पहले, हरियाणा दूसरे और राजस्थान तीसरे स्थान पर रहा था। मेजबान बिहार 15वें और तेलंगाना 13वें स्थान पर रहा। वहीं 2024 में मेजबान तमिलनाडु दूसरे स्थान पर रहा था, जबकि तेलंगाना ने छठा स्थान हासिल किया था।
2025 में बने थे 26 नए रिकॉर्ड
बिहार में आयोजित पिछले संस्करण में 28 खेलों को शामिल किया गया था। इनमें 27 खेलों में पदक दिए गए, जबकि ई-स्पोर्ट्स को प्रदर्शन खेल (डेमोंस्ट्रेशन इवेंट) के रूप में शामिल किया गया था। प्रतियोगिता के दौरान 26 नए रिकॉर्ड बने, जिनमें 13 राष्ट्रीय युवा रिकॉर्ड थे और ये सभी वेटलिफ्टिंग में बने। बाकी रिकॉर्ड एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में दर्ज किए गए।
---------------

