राष्ट्रीय खेल बोर्ड में अध्यक्ष और दो सदस्यों के लिए आवेदन आमंत्रित, 22 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
- DSS Admin
- Jun 23, 2026
नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल बोर्ड (नेशनल स्पोर्ट्स बोर्ड) में अध्यक्ष और दो सदस्यों के पदों पर चयन के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह नियुक्ति राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम 2025 तथा राष्ट्रीय खेल शासन (राष्ट्रीय खेल बोर्ड) नियम 2026 के प्रावधानों के अनुसार की जाएगी।
मंत्रालय के अनुसार इन पदों पर नियुक्ति केंद्र सरकार द्वारा खोज-सह-चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर की जाएगी। चयन ऐसे व्यक्तियों में से किया जाएगा जिनके पास लोक प्रशासन, खेल प्रशासन, खेल कानून और संबंधित क्षेत्रों में ज्ञान या व्यावहारिक अनुभव हो तथा जिनकी क्षमता, ईमानदारी और प्रतिष्ठा स्थापित हो।
खेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि चयनित अध्यक्ष और सदस्यों का वेतन तथा अन्य सेवा शर्तें राष्ट्रीय खेल शासन (राष्ट्रीय खेल बोर्ड) नियम 2026 के अनुसार निर्धारित होंगी।
राष्ट्रीय खेल बोर्ड देश में राष्ट्रीय खेल संस्थाओं को मान्यता प्रदान करने वाली केंद्रीय संस्था के रूप में कार्य करेगा। इसके साथ ही यह खेल संगठनों में सुशासन, वित्तीय पारदर्शिता और नैतिक मानकों के अनुपालन की निगरानी भी करेगा।
इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी खेल मंत्रालय के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 22 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
---------------

