आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में 12 पदकों के साथ भारत की बढ़त मजबूत, प्रीतम केंद्रे ने जीता स्वर्ण

नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। जर्मनी के सुहल में चल रही आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रतियोगिता के दौरान भारत ने चार और पदक अपने नाम किए, जिससे कुल 12 पदकों के साथ भारत तालिका में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है।

भारत के प्रीतम केंद्रे ने पुरुष जूनियर 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में शानदार और संयमित प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। इस उपलब्धि के साथ भारत को प्रतियोगिता में अपना पांचवां स्वर्ण पदक मिला।

महिला जूनियर 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में अंजलि महेंद्र भागवत, परिषा गुप्ता और निथिला आइवी डार्लिंग प्रवीण क्रिस्टोफर की तिकड़ी ने कांस्य पदक जीतकर भारत की झोली में एक और सफलता डाली।

पुरुष जूनियर 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में अभिनव चौधरी, राज चंद्र और जतिन ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।

इससे पहले महिला जूनियर 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में अन्वी राठौड़ ने भी कांस्य पदक जीतकर भारत के अभियान को मजबूती दी।

इन चार नए पदकों के साथ भारत का कुल पदक आंकड़ा अब 12 (5 स्वर्ण, 1 रजत और 6 कांस्य) तक पहुंच गया है। व्यक्तिगत और टीम दोनों वर्गों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारतीय दल ने प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा है।

आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप 2026 में भारतीय निशानेबाजों का यह प्रदर्शन देश की उभरती प्रतिभाओं और मजबूत प्रशिक्षण प्रणाली का संकेत माना जा रहा है।

---------------

   

सम्बंधित खबर