दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग के फेज-2 ट्रायल्स 7 जून को, पहले चरण की सफलता के बाद बढ़ाया गया दायरा
- DSS Admin
- Jun 05, 2026
नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग (डीवीपील) ने अपने पहले चरण के सफल आयोजन के बाद अब दूसरे चरण के ट्रायल्स की शुक्रवार को घोषणा कर दी है। फेज-2 ट्रायल्स 7 जून (रविवार) को सुबह 8:00 बजे से लक्ष्मी पब्लिक स्कूल, कड़कड़डूमा, दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे।
लीग के पहले चरण के ट्रायल्स को खिलाड़ियों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। आयोजकों के अनुसार, जिन खिलाड़ियों को पुष्टि कॉल प्राप्त हुई थी, उनमें 100 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, जो लीग के पहले सीजन को लेकर खिलाड़ियों के उत्साह को दर्शाता है।
अब डीपीवीएल ने अपनी प्रतिभा खोज प्रक्रिया को दिल्ली से बाहर उत्तर भारत के अन्य राज्यों तक विस्तार दिया है। फेज-2 ट्रायल्स के लिए उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर सहित सात राज्यों और क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया है।
आयोजकों को उम्मीद है कि इस चरण में उत्तर भारत की कई उभरती हुई वॉलीबॉल प्रतिभाएं अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगी।
सभी ट्रायल चरणों के पूरा होने के बाद चयनित खिलाड़ियों को आधिकारिक प्लेयर ऑक्शन में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जहां लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमें अपने-अपने स्क्वॉड का चयन करेंगी।
दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग खुद को भारत की पहली महिला-नेतृत्व वाली पेशेवर वॉलीबॉल लीग के रूप में स्थापित कर रही है। लीग का उद्देश्य खिलाड़ियों के लिए एक संरचित मंच तैयार करना, प्रतिभा विकास को बढ़ावा देना और वॉलीबॉल को अधिक पेशेवर पहचान दिलाना है।
इस वर्ष की शुरुआत में दिल्ली वॉलीबॉल एसोसिएशन और दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन के सहयोग से शुरू की गई इस लीग का लक्ष्य भारत में वॉलीबॉल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना और अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए मजबूत अवसर तैयार करना है।
---------------

