श्रीलंकाई जहाज और एक नाव के टकराने से भारतीय मछुआरे की मौत पर भारत ने श्रीलंका से कड़ा विरोध दर्ज कराया

नई दिल्ली, 01 अगस्त (हि.स.)। भारत ने श्रीलंकाई नौसैनिक जहाज और एक भारतीय मछली पकड़ने वाली नाव के बीच टक्कर में एक मछुआरे की मौत और दूसरे के लापता होने के मामले में श्रीलंका के कार्यवाहक उच्चायुक्त को आज सुबह विदेश मंत्रालय में बुलाया और घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

विदेश मंत्रालय ने इस संबंध में आज वक्तव्य जारी कर कहा है कि भारत सरकार ने हमेशा मछुआरों से संबंधित मुद्दों को मानवीय और मानवतावादी तरीके से निपटाने की आवश्यकता पर जोर दिया है। इस संबंध में दोनों सरकारों के बीच मौजूदा समझ का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। यह सुनिश्चित करने के लिए अधिकतम प्रयास किए जाने चाहिए कि बल प्रयोग की पुनरावृत्ति या सहारा न हो। सरकार भारतीय मछुआरों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। भारतीय मछुआरों से संबंधित मुद्दों को श्रीलंकाई नेतृत्व के साथ उच्चतम स्तर पर नियमित रूप से उठाया जाता रहा है।

इस संबंध में जाफना में भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों को तुरंत कांकेसंथुराई जाने और मछुआरों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता देने का निर्देश दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि आज सुबह कच्चातीवू द्वीप से 5 समुद्री मील उत्तर में एक श्रीलंकाई नौसैनिक जहाज और एक भारतीय मछली पकड़ने वाली नाव के बीच टक्कर की सूचना मिली थी। जहाज पर सवार चार भारतीय मछुआरों में से एक की दुर्भाग्यवश जान चली गई और दूसरा लापता है। दो मछुआरों को बचा लिया गया है और उन्हें कांकेसंथुराई तट पर लाया गया है। लापता भारतीय मछुआरे की तलाश जारी है।

मंत्रालय के अनुसार कोलंबो में भारतीय उच्चायुक्त भी आज श्रीलंकाई सरकार के साथ इस मामले को उठाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा / रामानुज

   

सम्बंधित खबर