भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने 228 किलो गांजा और नेपाली शराब किया जब्त

तस्करी

सुपौल, 19 मई (हि.स.)। जिले में भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 45वीं बटालियन वीरपुर ने अलग-अलग सीमा चौकियों पर विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान जवानों ने 228 किलोग्राम गांजा, 27.6 लीटर नेपाली देसी शराब और दो बाइक जब्त की है। वहीं एक नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया गया।

एसएसबी कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिलने के बाद विभिन्न चौकियों पर विशेष नाका जांच अभियान चलाया गया। इसी क्रम में सीमा चौकी रिपुजी कॉलोनी के जवानों ने नेपाल से आ रहे संदिग्ध लोगों को रोकने का प्रयास किया। जवानों को देखकर कुछ तस्कर मक्के के खेत और अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की ओर भाग निकले, लेकिन एक व्यक्ति को मौके पर दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नेपाल के सुनसरी जिला अंतर्गत रामनगर निवासी सैयद अंसारी के रूप में हुई। उसके पास से 228 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 91 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी और जब्त गांजा को आगे की कार्रवाई के लिए वीरपुर थाना को सौंप दिया गया।

इधर सीमा चौकी नियोर ने मध निषेध विभाग के साथ संयुक्त गश्ती अभियान के दौरान नेपाल से बाइक पर भारत आ रहे एक युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान बाइक की सीट के भीतर छिपाकर रखी गई 27.6 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार युवक की पहचान बेलदारी, जिला मधुबनी निवासी अशोक कुमार के रूप में हुई है। जबकि उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर नेपाल भागने में सफल रहा। बाद में आरोपी, शराब और बाइक को मध निषेध विभाग के हवाले कर दिया गया।

सीमा चौकी शैलेशपुर के जवानों ने चेक पोस्ट पर जांच के दौरान एक युवक और 12 वर्षीय नाबालिग लड़की को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा। पूछताछ में युवक ने अपना नाम राहुल कुमार (17 वर्ष), निवासी नवाबगंज, जिला कटिहार बताया। जांच में पता चला कि दोनों नेपाल से भागकर भारत आ रहे थे और शादी करने की योजना बना रहे थे। दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने पर जवानों ने परिजनों को सूचना दी तथा आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को भीमनगर थाना को सुपुर्द कर दिया।

इस अभियान में निरीक्षक अजीत कुमार, उपनिरीक्षक धीरज सिंह, एएसआई विनोद कुमार और उपनिरीक्षक प्यारे राम समेत कई जवानों की अहम भूमिका रही।

   

सम्बंधित खबर