राजस्थान के छह जिलों में आज आंधी-बारिश के आसार, कई जिलों में हीटवेव अलर्ट जारी
- DSS Admin
- May 11, 2026
जयपुर, 11 मई (हि.स.)। राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच सोमवार से मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होने से प्रदेश के छह जिलों में तेज आंधी, बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में गर्मी का प्रकोप बरकरार रहेगा।
मौसम विभाग ने तीन जिलों के लिए हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट तथा पांच जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
रविवार को बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो इस सीजन का सर्वाधिक तापमान है। इसके अलावा जैसलमेर में 46.3, फलोदी में 46, जोधपुर में 44.6 और बीकानेर में 44.4 डिग्री तापमान मापा गया। इन क्षेत्रों में दिनभर लू चलने से जनजीवन प्रभावित रहा।
बाड़मेर, बालोतरा, जैसलमेर, फलोदी और जोधपुर क्षेत्र में भीषण गर्मी के चलते दिन में बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। कई इलाकों में गर्मी से जनसुविधाएं भी प्रभावित हुईं। उदयपुर में तेज गर्मी के कारण ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई, जिससे कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित हुई। वहीं कोटा में अधिक तापमान के चलते एक बस के इंजन से धुआं उठने की घटना सामने आई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में सोमवार को तेज आंधी, धूलभरी हवाएं, बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
हालांकि जोधपुर और उदयपुर संभाग में गर्मी और हीटवेव का असर जारी रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मौसम में राहत मिल सकती है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में तापमान ऊंचा बना रहेगा। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हीटवेव से सतर्क रहने की सलाह दी है।
---------------

