नारी शक्ति वंदन अधिनियम: लखीमपुर खीरी में भाजपा महिला मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन, सपा-कांग्रेस के खिलाफ खोला मोर्चा

लखीमपुर खीरी, 15 मई (हि.स.)। महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) को लेकर सियासत गरमा गई है। संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के प्रस्ताव में कथित बाधा डालने और प्रधानमंत्री के प्रति अभद्र टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा ने कलेक्ट्रेट पर हुंकार भरी। जिला पंचायत परिसर से कचहरी गेट तक निकाले गए इस जुलूस में बड़ी संख्या में महिलाओं ने विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।

विपक्ष का दोहरा चरित्र हुआ उजागर: मंजू त्यागी

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीनगर विधायक मंजू त्यागी ने सपा और कांग्रेस पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि महिला आरक्षण को लेकर इन दलों का दोहरा चरित्र अब समाज के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा ने हमेशा महिला विरोधी नीतियां अपनाई हैं। ये दल नहीं चाहते कि महिलाओं को उनका हक मिले, इसलिए बहानेबाजी कर संसद में रुकावट पैदा कर रहे हैं। विधायक ने सपा सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी की भी कड़े शब्दों में निंदा की।

ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी से बढ़ा आक्रोश

प्रदर्शन के दौरान सपा प्रवक्ता द्वारा ब्राह्मण समाज पर की गई हालिया टिप्पणी का मुद्दा भी छाया रहा। श्रीनगर विधायक मंजू त्यागी ने कहा कि ब्राह्मण समाज सदैव सम्मानित रहा है और उनके प्रति ऐसी टिप्पणी सपा की ओछी मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने अखिलेश यादव से मांग की कि ऐसे प्रवक्ताओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

महिलाओं का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान

कार्यक्रम के संयोजक और जिला उपाध्यक्ष आशू मिश्रा ने कहा कि महिला आरक्षण बिल पर विरोध और प्रधानमंत्री का अपमान कर सपा-कांग्रेस महिलाओं की नजर में बेनकाब हो गए हैं। समय आने पर देश की महिलाएं इसका उचित जवाब देंगी। जिला परिषद से शुरू हुए इस जुलूस में अखिलेश जी शर्म करो, राहुल जी शर्म करो और महिलाओं का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान जैसे नारों से कचहरी परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम का सफल संचालन जिला मंत्री शरद मिश्रा ने किया। इस विरोध -प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष श्रीमती किरण अग्रवाल, संतोष कुमारी, जिला मंत्री रश्मि गुप्ता, संगीता पुरी, ब्लॉक प्रमुख दिव्या सिंह, कल्पना वर्मा, जिला उपाध्यक्ष रामजी मौर्य, अभिषेक सिंह सोमू, कीर्ति गुप्ता, अनीता निगम, जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा, मनोज वर्मा, कुलभूषण सिंह, संजय मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी रमेश चंद्र मिश्रा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष राम पांडे, नगर अध्यक्ष देव दत्त चढ़ा, नीलम गुप्ता और मोर्चा जिला अध्यक्ष मंजू लता श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं उपस्थित रहीं।

   

सम्बंधित खबर