राजस्थान में मानसून की दमदार एंट्री, पहले दिन ही कई जिलों में झमाझम बारिश
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
जयपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान में गुरुवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। मानसून के प्रवेश के साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। पहले ही दिन मानसून पूर्वी राजस्थान के 13 जिलों के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया, जबकि मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में पूरे प्रदेश को मानसून से आच्छादित होने की संभावना जताई है। लगातार बारिश से अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ गई है और लोगों को भीषण गर्मी व उमस से राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को कोटा, बारां और झालावाड़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि जैसलमेर को छोड़कर पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट प्रभावी है। आगामी दो सप्ताह तक अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस बार राजस्थान में मानसून की एंट्री बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुई मानसूनी शाखा के माध्यम से हुई है। यह शाखा ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश से होकर कोटा, बारां और झालावाड़ के रास्ते प्रदेश में पहुंची।
मानसून की उत्तरी सीमा वर्तमान में टोंक, जयपुर और अलवर से होकर गुजर रही है।
मानसून के पहले ही दिन अलवर, झुंझुनूं, सीकर, उदयपुर, भरतपुर, करौली, अजमेर, बारां और झालावाड़ सहित कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। बीते 24 घंटे में झुंझुनूं के बुहाना में सर्वाधिक 68 मिमी, सीकर के पाटन में 51 मिमी, अलवर के बहरोड़ में 46 मिमी, उदयपुर के भिंडर में 40 मिमी तथा अजमेर शहर में 11 मिमी बारिश मापी गई। कई स्थानों पर करीब दो इंच तक वर्षा हुई।
जयपुर में लगातार दूसरे दिन रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा, जिससे अधिकतम तापमान घटकर 33.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
वहीं अलवर में 67 मिमी बारिश के बाद नदी-नाले बह निकले और मौसम सुहावना हो गया। उदयपुर के ऋषभदेव सहित कई इलाकों में तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया, जबकि सीकर के नीमकाथाना में कई स्थानों पर आधा से एक फीट तक जलभराव हो गया।
हालांकि पश्चिमी राजस्थान में मानसून का असर अभी सीमित है। जोधपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया और गर्मी व उमस बनी रही।
मौसम विभाग ने यहां भी अगले एक-दो दिनों में मानसून पहुंचने की संभावना जताई है।
---------------

